नोएडा,(नोएडा खबर डॉट कॉम)
जिलाधिकारी मेधा रुपम की अध्यक्षता में शुक्रवार को एनआईसी सभागार में आगामी श्रावण शिवरात्रि एवं कांवड़ यात्रा-2026 को सुव्यवस्थित, सुरक्षित एवं सुगम बनाने के लिए समीक्षा बैठक आयोजित की गई।
बैठक में खेरली नहर, जारचा-समाना रोड, एनएचएआई जीटी रोड, लाल कुआं-दादरी मार्ग और समतल चौकी समेत प्रमुख कांवड़ मार्गों पर विभागवार तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की गई।
जिलाधिकारी ने सभी संबंधित अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि यात्रा शुरू होने से पहले गड्ढों की मरम्मत, झाड़ियों की सफाई, जलभराव का स्थायी समाधान, यातायात प्रबंधन, अतिक्रमण हटाने, प्रकाश व्यवस्था और अन्य मूलभूत सुविधाएं हर हाल में समय पर पूरी कर ली जाएं।
जिलाधिकारी ने नाराजगी जताते हुए कहा कि पिछली बैठक में दिए गए निर्देशों की अनुपालन रिपोर्ट कई विभागों द्वारा अभी तक नहीं भेजी गई है। उन्होंने अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) को निर्देश दिए कि सभी चिन्हित ब्लैक स्पॉट्स पर की गई कार्रवाई की अपडेट रिपोर्ट तुरंत उपलब्ध कराई जाए।
मुख्य निर्देश:
जारचा-समाना रोड पर लंबित कार्य शीघ्र पूर्ण करें।
ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण (वर्क सर्किल-1) समतल चौकी ग्रेटर कट पर कार्यों की स्थिति रिपोर्ट दे।
लाल कुआं-दादरी जीटी रोड पर जलभराव वाले स्थानों पर तैनात 04 डी-वाटरिंग टैंकों के चालक, वाहन नंबर और लोकेशन की पूरी सूची तुरंत उपलब्ध कराई जाए।
पुलिस के साथ समन्वय कर सभी मार्गों का संयुक्त स्थलीय निरीक्षण कर शेष कमियों को तत्काल दूर किया जाए।
जिलाधिकारी ने चेतावनी दी कि कांवड़ यात्रा शुरू होने से पहले यदि कोई विभाग अपनी जिम्मेदारी पूरी नहीं करता या अनुपालन रिपोर्ट नहीं देता, तो संबंधित अधिकारियों की जवाबदेही तय की जाएगी। उन्होंने सभी विभागों से पूर्ण समन्वय और संवेदनशीलता के साथ कार्य करने को कहा।
बैठक में अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) अजीत कुमार सिंह, प्रभागीय वनाधिकारी रजनीकांत मित्तल, ओएसडी नोएडा इन्दु प्रकाश सिंह, अधिशासी अधिकारी दादरी शालिनी गुप्ता सहित सिंचाई, विद्युत, लोक निर्माण विभाग, एनएचएआई और अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।कांवड़ यात्रा 2026 को लेकर प्रशासन ने पूरी गंभीरता दिखाते हुए सभी तैयारियों को समयबद्ध पूरा करने का लक्ष्य रखा है।
