नोएडा,(नोएडा खबर डॉट कॉम)
दिल्ली मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन ने नोएडा इलेक्ट्रॉनिक सिटी मेट्रो स्टेशन के ठीक बाद NH-9 और दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे के ऊपर 58 मीटर लंबा विशाल स्टील स्पैन सफलतापूर्वक लगा दिया है।
डीएमआरसी के प्रधान कार्यकारी निदेशक अनुज दयाल ने बताया कि नोएडा इलेक्ट्रॉनिक सिटी स्टेशन के बाद मेट्रो ट्रेनों के लिए रिवर्सल सुविधा बनाई जा रही है, जिसके लिए दो विशेष स्टील स्पैन (58 मीटर और 73 मीटर) लगाए जाने हैं। इनमें से 58.216 मीटर लंबा स्पैन पियर 384 और 385 के बीच सफलतापूर्वक स्थापित कर दिया गया है। दूसरे स्पैन को कुछ महीनों में लगाया जाएगा।
यह उपलब्धि इसलिए खास है क्योंकि नीचे व्यस्त नेशनल हाईवे और एक्सप्रेसवे पर यातायात का एक भी दिन बाधित नहीं हुआ। स्पैन को 14 मीटर की ऊंचाई पर लगाया गया है और इसके ऊपर से एक हाई टेंशन बिजली की लाइन भी गुजर रही है।
कैसे किया गया काम?
हाईवे और एक्सप्रेसवे पर विशेष ट्रसल्स (सहारे) खड़े किए गए। इन पर बीम रखे गए। फिर ‘विंच’ मशीन की मदद से प्री-कास्ट स्टील स्पैन को इंदिरापुरम की तरफ से धीरे-धीरे खींचकर नोएडा साइड लाया गया। पूरा ऑपरेशन 20 जुलाई दोपहर से 22 जुलाई सुबह तक लगातार 48 घंटे चला, जिसमें यातायात पूरी तरह बहता रहा।
DMRC के इंजीनियरों ने महीनों की प्लानिंग, सटीक डिजाइन और 24 घंटे निगरानी के साथ इस चुनौतीपूर्ण कार्य को बिना किसी दुर्घटना के पूरा किया।
