नोएडा,(नोएडा खबर डॉट कॉम)
उत्तर प्रदेश विशेष कार्य बल (यूपी एसटीएफ) ने नोएडा में एक बड़े अंतरराष्ट्रीय हवाला और मनी लॉन्ड्रिंग रैकेट का भंडाफोड़ किया है। कार्रवाई में एक चीनी नागरिक समेत तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया।
शैल कंपनियां बनाई
आरोपियों ने मोबाइल फोन कवर के कारोबार की आड़ में शेल कंपनियां बनाकर अवैध धन का लेन-देन किया। छापेमारी के दौरान फर्जी आधार कार्ड, बैंक दस्तावेज और कंपनियों की मुहरें बरामद हुई हैं।
एसटीएफ के मुताबिक, तीनों आरोपियों को मंगलवार रात करीब 10 बजे नोएडा सेक्टर-93 स्थित पूर्वांचल सिटी के एक फ्लैट से गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार व्यक्तियों की पहचान लियाओ लॉन्गहुई (चीनी नागरिक), संजीव कुमार (गाजियाबाद निवासी, चार्टर्ड अकाउंटेंट) और कौशलेंद्र (औरैया निवासी) के रूप में हुई है।
मुख्य आरोपी लियाओ लॉन्गहुई पर क्या आरोप?
चीनी नागरिक लियाओ लॉन्गहुई वर्ष 2018 में भारत आया था। उसका भारतीय वीजा 2020 में समाप्त हो चुका था, लेकिन वह अवैध रूप से छह साल से नोएडा में रह रहा था। उसने अपने ससुर और साले की कंपनी वाईटीएल मैन्युफैक्चरिंग प्राइवेट लिमिटेड (YTL Manufacturing Pvt. Ltd.) का संचालन संभाला। कंपनी मोबाइल फोन कवर बनाने का काम करती थी।
जांच में सामने आया कि चीन से कच्चा माल महंगे दामों पर मंगाया जाता था, जबकि तैयार माल दिल्ली के करोल बाग और नेहरू प्लेस जैसे बाजारों में अंडर-इनवॉयसिंग के जरिए बेचा जाता था। बची हुई रकम हवाला के माध्यम से चीन भेजी जाती थी। लियाओ ने कर्मचारियों और ड्राइवर के दस्तावेजों का इस्तेमाल कर कई शेल कंपनियां बनाईं, जिनमें JNS Infra Heights Pvt. Ltd., Refan Enterprises India Pvt. Ltd., Tidydesk Essential Pvt. Ltd. आदि शामिल हैं। हांगकांग की दो कंपनियों का भी लेन-देन में इस्तेमाल किया गया।
फर्जी दस्तावेज और बरामदगी
एसटीएफ टीम ने आरोपियों के फ्लैट से भारी मात्रा में संदिग्ध सामग्री बरामद की। इसमें शामिल हैं:5 लैपटॉप, 9 मोबाइल फोन, 1 टैबलेट
दो चीनी पासपोर्ट और एक चीनी आईडी कार्ड
सैमुअल लोथा नाम से बना फर्जी आधार कार्ड (कोहिमा, नागालैंड का पता)
10 कंपनियों की मुहरें, 11 बैंक चेकबुक, पैन कार्ड
कंपनी शेयर फॉर्म, इनवॉयस और इनकॉरपोरेशन दस्तावेज
करीब 4.72 करोड़ रुपये के बैंक चेक और 15,400 रुपये नकद
एसटीएफ की जांच
संजीव कुमार पर शेल कंपनियां बनाने और बैंक खाते खुलवाने में अहम भूमिका निभाने का आरोप है। एसटीएफ अब उसके अन्य वित्तीय लेन-देन और चार्टर्ड अकाउंटेंट के रूप में की गई गतिविधियों की भी जांच कर रही है।गौतम बुद्ध नगर के थाना फेस-2 में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं, विदेशी अधिनियम और अन्य प्रावधानों के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। एसटीएफ की टीम हवाला नेटवर्क के पूरे रैकेट, विदेशी कनेक्शनों और अन्य संभावित कंपनियों की गहन छानबीन कर रही है। आगे और गिरफ्तारियां हो सकती हैं।
एसटीएफ प्रवक्ता ने कहा, “यह कार्रवाई केवल एक कंपनी तक सीमित नहीं है। हम पूरे नेटवर्क को उजागर करने के लिए काम कर रहे हैं। विदेशी नागरिकों द्वारा भारत में अवैध रूप से रहकर आर्थिक अपराध करने की घटनाएं चिंताजनक हैं।”यह घटना नोएडा-ग्रेटर नोएडा क्षेत्र में विदेशी नागरिकों से जुड़े हवाला रैकेट पर लगातार नजर रखने की एसटीएफ की रणनीति को दर्शाती है। मामले की जांच जारी है।
