ग्रेटर नोएडा: शराब के पैसे न देने पर पिता ने बेटे को डंडे से मार डाला, आरोपी पिता एक महीने बाद गिरफ्तार

ग्रेटर नोएडा, (नोएडा खबर डॉट कॉम)

शराब पीने के लिए पैसे न देने पर नशे में धुत पिता ने अपने ही बेटे के सिर पर डंडा मार दिया, जिससे घायल युवक की अस्पताल में मौत हो गई। थाना नॉलेज पार्क पुलिस ने इस मामले में वांछित आरोपी को एक महीना बाद गिरफ्तार कर लिया है और घटना में इस्तेमाल हुआ हथियार भी बरामद कर लिया है।

मिली जानकारी के अनुसार, 20 जून 2026 को देवेन्द्र शराब के नशे में घर आया और अपने बेटे करन से शराब पीने के लिए पैसे मांगने लगा। पैसे देने से इनकार करने पर दोनों के बीच कहा-सुनी हो गई। अगले दिन 21 जून की सुबह करीब 5 बजे देवेन्द्र फिर घर पहुंचा और झगड़ा करते हुए करन के सिर पर बाँस के डंडे से जोरदार वार कर फरार हो गया। घायल करन को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, जहां इलाज के दौरान 22 जून को उसकी मौत हो गई।

वादी की तहरीर के आधार पर थाना नॉलेज पार्क में मुकदमा संख्या 169/2026 धारा 105 बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया। पुलिस टीमें आरोपी की तलाश में जुट गईं। 24 जुलाई 2026 को लोकल इंटेलिजेंस और इलेक्ट्रॉनिक सूचनाओं के आधार पर पुलिस ने आरोपी देवेन्द्र (उम्र करीब 47 वर्ष) पुत्र स्वर्गीय परमानन्द, निवासी ग्राम गडौली (थाना बिल्सी, बदायूँ) वर्तमान पता ग्राम तुगलपुर को एक्सपोमार्ट से तुगलपुर की ओर जाने वाली गंदे नाले की पुलिया के पास से गिरफ्तार कर लिया। उसके कब्जे से घटना में प्रयुक्त बाँस का डंडा भी बरामद किया गया। पुलिस ने बताया कि आरोपी के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *