नोएडा, (नोएडा खबर डॉट कॉम)
पुलिस कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर में शनिवार को 80वें स्वतंत्रता दिवस के पावन अवसर पर गरिमामय समारोह आयोजित किया गया। पुलिस कमिश्नर लक्ष्मी सिंह ने पुलिस लाइन्स में ध्वजारोहण किया। इस मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों को राष्ट्र की एकता, अखंडता और संप्रभुता की रक्षा तथा मजबूत व समृद्ध भारत बनाने में अपना सर्वोच्च योगदान देने की शपथ दिलाई गई।
पुलिस कमिश्नर ने सभी पुलिसकर्मियों को स्वतंत्रता दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं दीं। उन्होंने अमर शहीदों को नमन करते हुए कहा कि उनके सपनों को साकार करने के लिए हमें अपने कर्तव्यों का निष्ठापूर्वक निर्वहन करना चाहिए और देश की सुरक्षा व अखंडता को और मजबूत बनाना चाहिए।इस अवसर पर उत्कृष्ट और साहसिक कार्य करने वाले अधिकारियों व कर्मचारियों को विभिन्न सम्मान दिए गए।
पुलिस महानिदेशक उत्कृष्ट सेवा सम्मान चिन्ह उप निरीक्षक राकेश यादव (थाना बीटा-2) को मिला। सराहनीय सेवा सम्मान चिन्ह निरीक्षक उमेश चन्द नैथानी (प्रभारी मीडिया सेल/आईजीआरएस सेल) को प्रदान किया गया। शौर्य के आधार पर मुख्य आरक्षी रवि कुमार (स्वर्ण, थाना साइबर क्राइम) को प्रशंसा चिन्ह मिला।सेवाभिलेख के आधार पर रजत प्रशंसा चिन्ह पाने वालों में उप निरीक्षक बृजेन्द्र सिंह (थाना बिसरख), चेतन सिंह (थाना नॉलेज पार्क), यशपाल सिंह (थाना सेक्टर-63), जीवन सिंह यादव (थाना एक्सप्रेसवे), सर्वेश कुमार (थाना सेक्टर-39), सुभाष चन्द्र (थाना सेक्टर-58) और रामबल सिंह (थाना बिसरख) शामिल हैं।
शौर्य के आधार पर रजत प्रशंसा चिन्ह पाने वालों में उप निरीक्षक रवि सूर्यवंशी, महिला उप निरीक्षक मधु सिंह, ज्योति बालियान (सभी पुलिस लाइन), सुरेन्द्र कुमार (यातायात पुलिस), मुख्य आरक्षी विशाल कुमार, सोनू कुमार, नीलम राठी, सुधीर सिंह, पंकज उपाध्याय, अरविन्द सिंह और संदीप यादव शामिल हैं।कर्तव्य निभाते हुए बलिदान देने वाले पांच शहीद पुलिसकर्मियों के परिजनों को विशेष रूप से आमंत्रित कर सम्मानित किया गया। इनमें स्वर्गीय तीरथपाल सिंह की पत्नी मधु तोमर, स्वर्गीय रोहित यादव की पत्नी आयुषी चौधरी, स्वर्गीय निरीक्षक सुबोध कुमार सिंह की पत्नी रजनी, स्वर्गीय हेड कांस्टेबल बिजेन्द्र कुमार की पत्नी मिथलेश और स्वर्गीय कांस्टेबल सुनील भाटी की पत्नी मुनेश कुमारी शामिल हैं।
पुलिस कमिश्नर ने उन्हें आश्वासन दिया कि पुलिस परिवार हर परिस्थिति में उनके साथ खड़ा रहेगा। चतुर्थ श्रेणी के कर्मचारियों को भी उनके योगदान के लिए सम्मानित किया गया।पुलिस आयुक्त कार्यालय सेक्टर-108 में अपर पुलिस आयुक्त (कानून एवं व्यवस्था) डॉ. राजीव नारायण मिश्र तथा कमिश्नरेट मुख्यालय सूरजपुर में पुलिस उपायुक्त (सेंट्रल नोएडा) शैलेन्द्र कुमार सिंह ने भी ध्वजारोहण किया। कार्यक्रम में अपर पुलिस आयुक्त डॉ. राजीव नारायण मिश्र, पुलिस उपायुक्त डॉ. प्रवीन रंजन सिंह, सुनीति, साद मियां खान, शैलेन्द्र कुमार सिंह, रवि शंकर निम, शैव्या गोयल, आर.के. गौतम और अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।



कमिश्नरेट के सभी थानों और कार्यालयों में भी ध्वजारोहण समारोह हुए। थाना प्रभारियों ने पुलिसकर्मियों को शपथ दिलाई। कार्यक्रम के अंत में मिष्ठान वितरण कर धन्यवाद प्रस्ताव के साथ समारोह का समापन किया गया।