नोएडा। नोएडा खबर डॉट कॉम।
पुलिस और नागरिकों के बीच बेहतर समन्वय तथा शहर की कानून-व्यवस्था को मजबूत करने के उद्देश्य से डीडीआरडब्ल्यूए फेडरेशन, गौतम बुद्ध नगर की ओर से रविवार को सेक्टर-51 स्थित कम्युनिटी सेंटर (C-7) में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई।
बैठक में एडिशनल डीसीपी अभय कुमार मिश्रा, थाना अध्यक्ष बी.एस. पांडे और सेक्टर-51 चौकी इंचार्ज डी.के. पांडे ने भाग लिया। बैठक की अध्यक्षता डीडीआरडब्ल्यूए फेडरेशन के अध्यक्ष एन.पी. सिंह ने की।बैठक में विभिन्न सेक्टरों की RWA, सामाजिक संगठनों और नागरिक प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया। प्रतिनिधियों ने किरायेदारों, घरेलू सहायकों और ड्राइवरों के पुलिस सत्यापन को प्रभावी बनाने, रात्रिकालीन गश्त बढ़ाने, महिलाओं-वरिष्ठ नागरिकों की सुरक्षा, सार्वजनिक स्थानों पर असामाजिक गतिविधियों पर नियंत्रण, सीसीटीवी व्यवस्था मजबूत करने, साइबर अपराध के प्रति जागरूकता और यातायात संबंधी समस्याओं को प्रमुखता से उठाया।
अग्नि सुरक्षा को लेकर भी कई महत्वपूर्ण मुद्दे रखे गए। इनमें बहुमंजिला इमारतों और व्यावसायिक परिसरों में फायर सेफ्टी ऑडिट व फायर एनओसी की जांच, अग्निशमन उपकरणों का नियमित रखरखाव, फायर ब्रिगेड के रास्ते अतिक्रमणमुक्त रखना, फायर हाइड्रेंट की उपलब्धता, इमरजेंसी एग्जिट साफ रखना और नियमित मॉक ड्रिल आयोजित करने की मांग शामिल रही।डीडीआरडब्ल्यूए फेडरेशन के अध्यक्ष एन.पी. सिंह ने कहा कि सुरक्षित शहर के निर्माण में पुलिस और नागरिकों की सहभागिता दोनों जरूरी है। उन्होंने जोर देकर कहा कि पसारा में रजिस्टर्ड न होने वाली सिक्योरिटी एजेंसियों के खिलाफ कार्रवाई होनी चाहिए। वरिष्ठ उपाध्यक्ष संजीव कुमार ने पुलिस और RWA के बीच नियमित संवाद तंत्र विकसित करने की आवश्यकता पर बल दिया।एडीसीपी अभय कुमार मिश्रा सहित पुलिस अधिकारियों ने उठाए गए मुद्दों को गंभीरता से सुना और नागरिक सुरक्षा तथा बेहतर कानून-व्यवस्था के लिए आपसी सहयोग को महत्वपूर्ण बताया।
बैठक में विभिन्न RWA प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया।फेडरेशन ने विश्वास जताया कि पुलिस, अग्निशमन विभाग, प्राधिकरण और नागरिक संगठनों के सामूहिक प्रयासों से शहर को अधिक सुरक्षित और सुव्यवस्थित बनाया जा सकेगा।
