-ठेकेदार हिरासत में, पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा
नोएडा,(नोएडा खबर डॉट कॉम)
थाना बिसरख क्षेत्रांतर्गत गोल्फ होम्स सोसाइटी में शनिवार को निर्माण कार्य के दौरान एक दर्दनाक हादसा हो गया। सोसाइटी में कंस्ट्रक्शन का काम करते समय दो मजदूर 14वीं मंजिल से नीचे गिर पड़े। गिरने से दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उपचार के दौरान दोनों को मृत घोषित कर दिया।
मृतकों की पहचान पश्चिम बंगाल के कूच बिहार जिले के रहने वाले मजदूरों के रूप में हुई है। इनमें सरकार पुत्र अब्दुल खालिक सरकार (उम्र करीब 19 वर्ष), निवासी कलामती, थाना साहिबगंज और जमाल शेख पुत्र अब्दुल हौसले (उम्र करीब 45 वर्ष) शामिल हैं। दोनों एक ही क्षेत्र के रहने वाले बताए गए हैं।
हादसे की सूचना मिलते ही थाना बिसरख पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने मामले में ठेकेदार को हिरासत में ले लिया है। थाना बिसरख पुलिस द्वारा इस संबंध में अभियोग पंजीकृत कर आवश्यक विधिक कार्रवाई शुरू कर दी गई है। पुलिस आगे की जांच में जुटी हुई है और हादसे के कारणों की विस्तृत पड़ताल की जा रही है।
