दादरी, (नोएडा खबर डॉट कॉम)
शनिवार शाम को थाना दादरी क्षेत्रांतर्गत ईस्टर्न पेरीफेरल एक्सप्रेसवे से दादरी की ओर जा रही एक निजी कंपनी की बस में दुर्घटना हो गई। बस में लगभग 28 से 30 कर्मचारी सवार थे। बस चालक द्वारा आगे जा रहे एक वाहन को बचाने के प्रयास में स्टीयरिंग को अधिक मोड़ देने से बस अनियंत्रित हो गई और पलट गई। इस हादसे में 14 व्यक्ति घायल हुए हैं।
सूचना मिलते ही थाना दादरी पुलिस मौके पर पहुंची। घायलों को एंबुलेंस की सहायता से तुरंत इलाज के लिए जिम्स अस्पताल भेजा गया है। हाइड्रा की मदद से पलटे हुए बस को हटाया जा रहा है। पुलिस के अनुसार इस दुर्घटना में कोई जनहानि नहीं हुई है। यातायात सुचारू रूप से संचालित किया जा रहा है तथा क्षेत्र में शांति व्यवस्था पूर्ण रूप से स्थापित है।
