नई दिल्ली,(नोएडा खबर डॉट कॉम)
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने शनिवार देर रात उत्तर प्रदेश के पूर्व उपमुख्यमंत्री और राज्यसभा सांसद डॉ. दिनेश शर्मा को अंडमान एवं निकोबार द्वीप समूह का उपराज्यपाल नियुक्त किया है। राष्ट्रपति भवन की विज्ञप्ति के अनुसार यह नियुक्ति उनके पदभार ग्रहण करने की तिथि से प्रभावी होगी।
62 वर्षीय डॉ. शर्मा एडमिरल (सेवानिवृत्त) देवेंद्र कुमार जोशी का स्थान लेंगे, जो अक्टूबर 2017 से इस पद पर थे। उनका राज्यसभा कार्यकाल 25 नवंबर 2026 को समाप्त होने वाला था। नियुक्ति के बाद डॉ. शर्मा ने राष्ट्रपति मुर्मू, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह और भाजपा के केंद्रीय नेतृत्व का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि यह संविधान, राष्ट्र और जनसेवा के प्रति जिम्मेदारी है और वे पूरी निष्ठा, ईमानदारी व समर्पण से कार्य करेंगे।
प्रोफेसर से उपमुख्यमंत्री तक का सफर
डॉ. दिनेश शर्मा का जन्म 12 जनवरी 1964 को लखनऊ में हुआ। लखनऊ विश्वविद्यालय से एम.कॉम और पीएचडी करने वाले वे लंबे समय तक वाणिज्य विभाग में प्रोफेसर रहे। राजनीति में वे भाजपा के संगठन से जुड़े। दो बार लखनऊ के महापौर रहे। 2017 से 2022 तक योगी आदित्यनाथ सरकार में केशव प्रसाद मौर्य के साथ उपमुख्यमंत्री रहे। उच्च शिक्षा, तकनीकी शिक्षा, विज्ञान-प्रौद्योगिकी और सूचना प्रौद्योगिकी जैसे विभाग उनके पास रहे। 2023 में राज्यसभा सांसद बने।
संगठन, नगर निगम, राज्य सरकार और संसद—चारों स्तरों पर जिम्मेदारी निभा चुके डॉ. शर्मा अब केंद्र शासित प्रदेश के प्रशासन की कमान संभालेंगे। यूपी की राजनीति में लंबे अनुभव वाले इस नेता की नियुक्ति को प्रदेश के एक प्रमुख चेहरे को राष्ट्रीय प्रशासनिक भूमिका देने के रूप में देखा जा रहा है।वे शीघ्र पदभार ग्रहण करने वाले हैं।
