दादरी, (नोएडा खबर डॉट कॉम)
यूजीसी और आरक्षण के खिलाफ 16 सितंबर को दादरी में प्रस्तावित आंदोलन की तैयारी के तहत विश्व ब्राह्मण कल्याण परिषद के उपाध्यक्ष व यूपी के प्रभारी पंडित पीतांबर शर्मा ने अपने साथियों परमानंद शर्मा, रामकुमार शर्मा, ज्ञानचंद शर्मा, रामदत्त शर्मा, जयप्रकाश शर्मा और रतनवीर शर्मा के साथ क्षेत्र के गांवों का तूफानी दौरा किया।
शनिवार को सबसे पहले काफिला प्रातः 10 बजे बिसाहड़ा गांव पहुंचा। वहां लोगों के साथ बैठकर यूजीसी और आरक्षण के मुद्दे पर विस्तृत चर्चा की गई तथा उन्हें 16 सितंबर को दादरी आने का निमंत्रण दिया गया। इसके बाद पथरी गांव में अतुल शर्मा द्वारा आयोजित युवकों की सभा को संबोधित किया गया। युवकों को पूरी जानकारी देते हुए अपील की गई कि वे 16 तारीख को प्रातः 10 बजे दादरी में अधिक से अधिक संख्या में एकत्र हों और वहां से पैदल मार्च कर कलेक्टोरेट पहुंचें।
इसके बाद प्यावली गांव के हनुमान मंदिर में पंडित मामचंद शर्मा द्वारा आयोजित बैठक में पंडित पीतांबर शर्मा का माल्यार्पण कर सम्मान किया गया। उपस्थित 50-60 लोगों के बीच मुद्दा रखा गया और 16 सितंबर के जुलूस में शामिल होने की अपील की गई।
तत्पश्चात रसूलपुर में रविंदर तोमर के यहां लोगों से मुलाकात कर आंदोलन में शामिल होने का निवेदन किया गया।प्रधान मामचंद सिसोदिया के यहां आयोजित बैठक में भी हिस्सा लिया गया। उपस्थित लोगों को बताया गया कि इस फैसले से भावी पीढ़ी को नुकसान होगा। कहा गया कि केंद्र सरकार से यूजीसी में संशोधन की कोई मांग नहीं की गई थी, फिर भी वोट बैंक की राजनीति के चलते सवर्ण बच्चों को निशाना बनाया गया है।
बरसात गांव में प्रधान भीष्म शर्मा द्वारा आयोजित बैठक में भी भारी संख्या में 16 सितंबर को दादरी से निकलने वाले जुलूस में शामिल होने की अपील की गई। लोगों में उत्साह देखने को मिला और भारी भीड़ आने की उम्मीद जताई गई। शाम 6 बजे दिनेश शर्मा के यहां आयोजित बैठक में अपील दोहराई गई। उन्होंने 10 गाड़ियां लाने का आश्वासन दिया।इसके अलावा ओमवीर शर्मा, चंद्रभान शर्मा और प्रधान अंकित से भी संपर्क कर अधिक से अधिक लोगों को लाने की अपील की गई। रविवार को भी दिन में प्रचार कार्यक्रम जारी रहेगा, जिसकी शुरुआत गांव घोड़ी से होगी।
