नोएडा। नोएडा खबर डॉट कॉम।
‘आओ प्यारिओ दशमेश जी वल्ल मुड़िए’ लहर के तहत श्री गुरु नानक देव जी और श्री गुरु तेग बहादुर साहिब जी को समर्पित ऐतिहासिक ‘गुरु मान्यो ग्रंथ चेतना समागम’ नोएडा में आयोजित किया जा रहा है। एनसीआर में पहली बार इतने बड़े स्तर पर गुरमत समागम का आयोजन नोएडा स्टेडियम में होगा।
यह जानकारी आज सरबत दा भला और समूह साध संगत नोएडा के पदाधिकारियों ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में दी। समागम 28 और 29 नवंबर 2026 को शाम 6 बजे से रात 10 बजे तक नोएडा स्टेडियम, सेक्टर-21ए में होगा। मुख्य वक्ता के रूप में भाई साहिब भाई रणजीत सिंह जी खालसा ढडरियां वाले कीर्तन दरबार करेंगे। अरदास के बाद गुरु का लंगर अटूट चलेगा।
आयोजकों के अनुसार, समागम का उद्देश्य गुरु नानक नाम लेवा संगत को गुरबाणी, आध्यात्मिकता और आपसी भाईचारे से जोड़ना है। 29 नवंबर को शाम 5 बजे गुरुद्वारा श्री गुरु हरकृष्ण साहिब, सेक्टर-12 में अमृत संचार का आयोजन किया जाएगा। इसमें गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी (गौतम बुद्ध नगर) का सहयोग प्राप्त है।समागम का सीधा प्रसारण YouTube/EMMPEE और दमदमा टीवी फास्टवे चैनल नंबर 587 पर होगा।
प्रेस कॉन्फ्रेंस में मुख्य संरक्षक हरजीत सिंह साहनी, संरक्षक सरबजीत सिंह, नवनीत अरोड़ा, संयोजक रणधीर सिंह, अध्यक्ष परमजीत सिंह, अध्यक्ष भूपिंदर सिंह, वरिष्ठ उपाध्यक्ष तेजपाल सिंह अरोड़ा, गुलजीत सिंह, उपाध्यक्ष महिंदर सिंह, अश्वनी सिंह, महासचिव हरमीत सिंह सग्गू, सचिव डिंपल आनंद, कोषाध्यक्ष सुखदीप सिंह और सोशल मीडिया प्रभारी मनिंदर सिंह उपस्थित रहे।आयोजकों ने सभी धर्मों के श्रद्धालुओं और नोएडा वासियों से अपील की है कि वे परिवार सहित इस पावन समागम में शामिल होकर गुरु घर की खुशियां प्राप्त करें।
