नोएडा, (नोएडा खबर डॉट कॉम)
सेक्टर 39 थाना क्षेत्र में चेन स्नैचिंग करने वाले दो बदमाशों के साथ पुलिस की मुठभेड़ हो गई। दोनों आरोपी घायल हो गए। उनके पास से अवैध तमंचे, कारतूस, चोरी की मोटरसाइकिल और नकद रकम बरामद हुई है।
एडीसीपी नोएडा अभय मिश्रा के अनुसार, 15 अक्टूबर 2026 की रात सेक्टर 39 पुलिस टीम दादरी रोड नर्सरी के पास सेक्टर 43 में संदिग्ध लोगों और वाहनों की जांच कर रही थी। इसी दौरान सेक्टर 49 रेड लाइट की तरफ से एक मोटरसाइकिल पर दो युवक आए। पुलिस ने उन्हें रुकने का इशारा किया, लेकिन वे नहीं रुके और स्टेलर ग्रीन पार्क की तरफ तेजी से भागने लगे।पुलिस ने पीछा किया और आसपास की अन्य पुलिस टीमों को सूचना दी। दोनों तरफ से घिरते देख आरोपियों ने मोटरसाइकिल को सोमबाजार से स्टेलर ग्रीन पार्क के जंगल वाले रास्ते की तरफ मोड़ा। बारिश के कारण सड़क फिसलन भरी होने से मोटरसाइकिल गिर गई। इसके बाद आरोपियों ने पुलिस पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर दी।
एडीसीपी अभय मिश्रा ने बताया कि पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की, जिसमें दोनों आरोपी घायल हो गए। घायलों की पहचान दिल्ली के भजनपुरा थाना क्षेत्र के निवासी सलमान (30 वर्ष, पुत्र अय्यूब) और तनवीर (37 वर्ष, पुत्र मैनउद्दीन) के रूप में हुई है। दोनों के पास से एक-एक अवैध .315 बोर तमंचा, दो खोखे कारतूस, दो जिंदा कारतूस, चोरी की रॉयल एनफील्ड हंटर 350 सीसी मोटरसाइकिल (रजिस्ट्रेशन डीएल 3एस एफटी 9244) और 2 लाख 19 हजार रुपये नकद बरामद हुए। जांच में पता चला कि नकद रकम सेक्टर 39 क्षेत्र में की गई चेन स्नैचिंग से जुड़ी है।

कि
एडीसीपी अभय मिश्रा के मुताबिक, सलमान पर दिल्ली-एनसीआर में करीब 48 और तनवीर पर करीब 44 मुकदमे चेन स्नैचिंग, लूट और चोरी के दर्ज हैं। दोनों घायल आरोपियों को इलाज के लिए अस्पताल भेज दिया गया है। आगे कानूनी कार्रवाई जारी है।