ग्रेटर नोएडा, (नोएडा खबर डॉट कॉम)
पुलिस कमिश्नर गौतमबुद्धनगर श्रीमती लक्ष्मी सिंह के निर्देशन में पुलिस उपायुक्त ग्रेटर नोएडा श्री श्रवण कुमार सिंह ने अपराध नियंत्रण और कानून-व्यवस्था को लेकर एक महत्वपूर्ण गोष्ठी की। इस बैठक में एसीपी-1 और एसीपी-3 ग्रेटर नोएडा जोन के साथ सभी चौकी प्रभारी शामिल हुए।
डीसीपी श्रवण कुमार सिंह ने बैठक में चौकी प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में अपराध रोकने, अपराधियों पर नजर रखने और पुलिसिंग को और प्रभावी बनाने के लिए सात प्रमुख निर्देश दिए।डीसीपी द्वारा दिए गए 7 मुख्य निर्देश इस प्रकार हैं-
- हिस्ट्रीशीटर और सक्रिय अपराधियों पर नजर — हिस्ट्रीशीटरों और सक्रिय अपराधियों की गतिविधियों पर लगातार नजर रखी जाए और उनकी नियमित निगरानी सुनिश्चित की जाए।
- वांछित आरोपियों की गिरफ्तारी — फरार और वांछित आरोपियों को जल्द से जल्द गिरफ्तार करने के लिए प्रभावी कार्रवाई की जाए।
- अपराध नियंत्रण — अपने क्षेत्र में अपराधों पर सख्त अंकुश लगाया जाए और घटनाओं की रोकथाम के लिए जरूरी कदम उठाए जाएं।
- गश्त और चेकिंग — क्षेत्र में नियमित पैदल गश्त और प्रभावी चेकिंग की जाए। संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की जांच जरूर की जाए।
- बीट पुलिसिंग और सूचना तंत्र — बीट पुलिसिंग को मजबूत किया जाए और अपराध व अपराधियों से जुड़ी जानकारी इकट्ठा कर तुरंत कार्रवाई की जाए।
- लंबित विवेचनाओं का निपटारा — लंबित जांचों की नियमित समीक्षा कर उन्हें समय पर और गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरा किया जाए।
- जनशिकायतों का निस्तारण — आम लोगों की शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर निष्पक्ष, समयबद्ध और बेहतर तरीके से निपटारा किया जाए।
डीसीपी श्रवण कुमार सिंह ने सभी चौकी प्रभारियों को निर्देश दिया कि वे अपने क्षेत्रों में लगातार सतर्क और सक्रिय रहें। अपराध नियंत्रण, कानून-व्यवस्था बनाए रखने और आम लोगों में सुरक्षा की भावना मजबूत करने के लिए प्रभावी कार्यवाही सुनिश्चित करें।
