गौतमबुद्धनगर, (नोएडा खबर डॉट कॉम)
नोएडा-ग्रेटर नोएडा क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक पुख्ता बनाने के लिए गौतमबुद्धनगर पुलिस कमिश्नरेट ने एक बड़ा विशेष अभियान शुरू करने का फैसला लिया है। पुलिस कमिश्नर लक्ष्मी सिंह के निर्देशन में 5 अप्रैल से 7 अप्रैल 2026 तक तीन दिनों तक हाई-राइज सोसायटियों, अपार्टमेंट बिल्डिंगों और प्रमुख संस्थानों में तैनात प्राइवेट सिक्योरिटी गार्ड्स की विस्तृत ऑडिट की जाएगी।
इस अभियान के तहत पुलिस टीमें विभिन्न सोसायटियों में जाकर प्राइवेट सुरक्षा एजेंसियों की पूरी व्यवस्था की जांच करेंगी। मुख्य रूप से निम्नलिखित बिंदुओं पर होगी सख्त जांच:
- प्राइवेट सिक्योरिटी एजेंसियों का लाइसेंस और सत्यापन
- वाहन व व्यक्तियों के एंट्री-एग्जिट रजिस्टर का सही रखरखाव
- डिजिटल सिस्टम के माध्यम से एंट्री-एग्जिट का सत्यापन
- सीसीटीवी कैमरों की संख्या, उनकी कार्यक्षमता और फुटेज स्टोरेज
- रात्रिकालीन सुरक्षा के इंतजाम
पुलिस कमिश्नरेट ने साफ चेतावनी दी है कि यदि किसी सोसायटी या सिक्योरिटी एजेंसी में कोई कमी या अनियमितता पाई गई तो संबंधित आरडब्ल्यूए, एओए और सुरक्षा एजेंसी के खिलाफ सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस कमिश्नर लक्ष्मी सिंह ने कहा कि आधुनिक शहर में हाई-राइज सोसायटियों की सुरक्षा अत्यंत महत्वपूर्ण है। इस अभियान का उद्देश्य नागरिकों को एक सुरक्षित और भयमुक्त वातावरण उपलब्ध कराना है।कमिश्नरेट पुलिस ने सभी सोसायटी निवासियों से अपील की है कि वे इस विशेष अभियान में पुलिस को पूर्ण सहयोग दें और अपनी सोसायटी की सुरक्षा व्यवस्था को और बेहतर बनाने में सक्रिय भूमिका निभाएं।
यह अभियान नोएडा-ग्रेटर नोएडा क्षेत्र को अपराधमुक्त और सुरक्षित बनाने की दिशा में पुलिस की एक और बड़ी पहल मानी जा रही है।
![]()
