नोएडा में अवैध वेंडरों और बदहाल शौचालयों पर सीईओ ने कसे पेच, त्योहारों से पहले सख्त निर्देश

नोएडा, (नोएडा खबर डॉट कॉम)
नोएडा प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालक अधिकारी कृष्ण करुणेश ने शुक्रवार को विभिन्न विभागों की समीक्षा बैठक में शहर में अव्यवस्थित रूप से फैले अवैध वेंडरों और सार्वजनिक शौचालयों की बदहाली को लेकर सख्त निर्देश जारी किए हैं। बैठक में त्योहारों के मद्देनजर साफ-सफाई, सड़कों की मरम्मत और अन्य जरूरी व्यवस्थाओं पर भी व्यापक समीक्षा की गई।

बैठक में अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी वंदना त्रिपाठी, विशेष कार्याधिकारी क्रान्तिशेखर सिंह, महिमा, इन्दुप्रकाश सिंह, एन.के. सिंह, सन्तोष कुमार तथा प्राधिकरण के अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

मुख्य कार्यपालक अधिकारी ने शहर में अव्यवस्थित रूप से खड़े अवैध वेंडरों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई करने के निर्देश दिए। साथ ही जब्त की गई ठेलियों, खोखों और कार्टों को रखने के लिए वर्क सर्किलों में अलग से स्टोर की व्यवस्था करने को कहा।

उन्होंने शौचालयों और यूरिनल्स के अनुरक्षण को लेकर भी सख्ती बरती। सभी संबंधित वरिष्ठ प्रबंधकों को अपने क्षेत्र के शौचालयों के पूर्णतः ठीक और संचालित होने का प्रमाण-पत्र देने के निर्देश दिए गए। यह भी सुनिश्चित करने को कहा गया कि विज्ञापन एजेंसियां सिर्फ शौचालय/यूरिनल के ऊपर ही विज्ञापन लगाएं।

त्योहारों को ध्यान में रखते हुए सीईओ ने सभी प्रमुख स्थानों पर साफ-सफाई, सड़कों की मरम्मत और लाइटिंग की व्यवस्था करने, मूर्ति विसर्जन के लिए कृत्रिम तालाब तैयार करने तथा ठेकेदारों के साथ बैठक कर विशेष सफाई अभियान चलाने के निर्देश दिए। डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण को मजबूत बनाने और फील्ड स्टाफ द्वारा नियमित निरीक्षण करने पर भी जोर दिया गया।

इसके अलावा वायु प्रदूषण रोकने के लिए 31 अक्टूबर तक सड़कों की रिसर्फेसिंग, रूफ टॉप स्प्रिंकलर लगाने और वायु गुणवत्ता सूचकांक के डिस्प्ले की व्यवस्था करने, ईवी चार्जिंग स्टेशनों की स्थापना बढ़ाने, पार्कों में ओपन जिम का रखरखाव और सेक्टर-145 में 5 प्रतिशत आबादी के भूखंडों का कब्जा दीपावली से शुरू करने जैसे कई अन्य महत्वपूर्ण मुद्दों पर भी निर्देश दिए गए। अवैध निर्माण के खिलाफ कार्रवाई और न्यू नोएडा में भूमि अधिग्रहण की स्थिति की भी समीक्षा की गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *