ग्रेटर नोएडा: बिसरख डूब क्षेत्र में बुलडोजर चला, 25 हजार वर्ग मीटर जमीन अतिक्रमण मुक्त

ग्रेटर नोएडा, (नोएडा खबर डॉट कॉम)
ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण ने बिसरख डूब क्षेत्र में अतिक्रमण के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए बुलडोजर चलाया। प्राधिकरण की टीम ने सोमवार को अवैध कालोनी काटने की कोशिश कर रहे कालोनाइजरों द्वारा बनाई गई बाउंड्री और निर्माण को ध्वस्त कर दिया। इस कार्रवाई में करीब 25 हजार वर्ग मीटर जमीन को अतिक्रमण मुक्त कराया गया।
ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के सीईओ एनजी रवि कुमार के निर्देश पर की गई इस कार्रवाई का नेतृत्व वर्क सर्किल-3 की टीम ने किया। टीम में वरिष्ठ प्रबंधक प्रभात शंकर, प्रबंधक प्रशांत समाधिया और अन्य अधिकारी शामिल रहे। अतिक्रमण खसरा संख्या 333 और 334 की जमीन पर किया गया था।
एसीईओ सुमित यादव ने कहा, “ग्रेटर नोएडा के अधिसूचित एरिया में किसी भी तरह का अवैध निर्माण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। लोगों से अपील है कि जमीन खरीदने या निवेश करने से पहले प्राधिकरण से जरूर संपर्क करें और पूरी जानकारी ले लें। अपनी गाढ़ी कमाई अवैध कॉलोनियों में न फंसाएं।”
सीईओ एनजी रवि कुमार ने अधिसूचित क्षेत्र में अतिक्रमण करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के सख्त निर्देश दिए हैं। प्राधिकरण की टीमें लगातार अवैध कब्जों पर नजर रख रही हैं। इससे पहले भी वर्क सर्किल-3 की टीम ने तिलपता, रोजा याकूबपुर, खेड़ा चौगानपुर और चिपियाना बुजुर्ग इलाकों में अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की थी।
चेतावनी:
प्राधिकरण ने कालोनाइजरों को चेतावनी दी है कि दोबारा अवैध निर्माण या प्लॉटिंग करने पर उनके खिलाफ और कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *