रबूपुरा/जेवर, (नोएडा खबर डॉट कॉम)
ग्राम नगला श्री पदम में एक ही परिवार के पांच सदस्यों की रहस्यमय परिस्थितियों में मौत हो गई है। प्रथम दृष्टया मामला फूड पॉइजनिंग का बताया जा रहा है। मृतकों ने रात में नूडल्स खाए थे। सूचना मिलते ही पुलिस, प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग की टीमें मौके पर पहुंच गईं। विधायक धीरेंद्र सिंह भी गांव पहुंचे और पूरी स्थिति की जानकारी मुख्यमंत्री कार्यालय को दी।
पुलिस के अनुसार 17 अक्टूबर 2026 की सुबह थाना रबूपुरा को सूचना मिली कि नगला श्री पदम निवासी महेश पुत्र कृष्ण (37 वर्ष), उनकी पत्नी ललिता (35 वर्ष), बेटा लड्डू (11 वर्ष), बेटी मिष्टी (7 वर्ष) और छोटा बेटा साक्षात (3 वर्ष) की मौत हो गई है। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस बल, उच्चाधिकारी, एम्बुलेंस और फूड एंड सेफ्टी विभाग की टीम तुरंत मौके पर पहुंची।
फोरेंसिक टीम और फील्ड यूनिट द्वारा घटनास्थल का गहन निरीक्षण किया जा रहा है और वैज्ञानिक साक्ष्य एकत्र किए जा रहे हैं। मृतकों के शवों का पंचायतनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। आसपास के लोगों और मृतक महेश की माता ने बताया कि परिवार के सदस्यों ने रात में नूडल्स का सेवन किया था। हालांकि मृत्यु का वास्तविक कारण अभी पुष्टि नहीं हुआ है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य जांचों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

घटना की जानकारी मिलते ही विधायक धीरेंद्र सिंह गांव पहुंचे। उन्होंने मौके का जायजा लिया और मृतक परिवार के परिजनों से मुलाकात की। विधायक ने पूरी घटना की जानकारी मुख्यमंत्री कार्यालय को दी है। पुलिस और प्रशासन मामले की गहन जांच कर रहे हैं।