नोएडा, (नोएडा खबर डॉट कॉम)
फेडरेशन ऑफ नोएडा रेजिडेंट्स वेलफेयर एसोसिएशन्स (फोनरवा) की वार्षिक आमसभा रविवार को सेक्टर-52 स्थित फोनरवा कार्यालय में अध्यक्ष योगेन्द्र शर्मा की अध्यक्षता में संपन्न हुई। आमसभा में विभिन्न सेक्टरों की रेजिडेंट वेलफेयर एसोसिएशनों के पदाधिकारियों और प्रतिनिधियों ने बड़ी संख्या में भाग लिया।
अध्यक्ष योगेन्द्र शर्मा ने कहा कि फोनरवा नोएडा के सभी आरडब्ल्यूए और लाखों नागरिकों की समस्याओं के समाधान के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ काम कर रहा है। प्रशासन और विभिन्न विभागों के साथ निरंतर संवाद व समन्वय के सकारात्मक परिणाम अब शहर में दिखाई देने लगे हैं।
महासचिव के.के. जैन ने वर्ष 2025-26 की गतिविधियों और उपलब्धियों का विस्तृत प्रतिवेदन प्रस्तुत करते हुए बताया कि वर्तमान कार्यकारिणी का निर्वाचन 14 दिसंबर 2025 को दो वर्ष के कार्यकाल के लिए हुआ था। निर्धारित लक्ष्यों की दिशा में उल्लेखनीय प्रगति हुई है, जो सदस्य आरडब्ल्यूए, नोएडा प्राधिकरण, नोएडा पुलिस, यूपीपीसीएल और अन्य विभागों के सक्रिय सहयोग से संभव हो सकी।उन्होंने दावा किया कि शहर की पेयजल व्यवस्था में महत्वपूर्ण सुधार हुआ है। आठ रेनवेल पूरी क्षमता से संचालित हैं तथा दो की मरम्मत जारी है। गंगाजल पर निर्भरता कम करने के लिए सभी ट्यूबवेलों को चरणबद्ध तरीके से सक्रिय किया जा रहा है।
मुख्य कार्यपालक अधिकारी और नोएडा प्राधिकरण के सभी सर्किलों के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ नियमित समीक्षा बैठकें हुईं। आरडब्ल्यूए द्वारा उठाई गई समस्याओं के समाधान के लिए लगभग 80 प्रतिशत विकास कार्यों की टेंडर प्रक्रिया पूरी हो चुकी है और अनेक सेक्टरों में निर्माण व मरम्मत कार्य शुरू हो गए हैं।बिजली व्यवस्था में भी सुधार का उल्लेख करते हुए उन्होंने बताया कि कई सेक्टरों में पुराने खंभे और तार बदले गए, ट्रांसफार्मरों की क्षमता बढ़ाई गई, वीसीबी की मरम्मत हुई तथा भूमिगत विद्युत लाइनों का सुदृढ़ीकरण किया गया। नए विद्युत उपकेंद्रों का निर्माण और मौजूदा उपकेंद्रों के विस्तार का काम भी प्रगति पर है।
आवारा कुत्तों की समस्या के समाधान के लिए सेक्टर-34 और सेक्टर-135 में डॉग शेल्टर संचालित किए जा रहे हैं, जबकि सेक्टर-123 में दो आधुनिक डॉग शेल्टरों (प्रत्येक एक हजार क्षमता वाले) का निर्माण तेजी से चल रहा है। नोएडा पुलिस के साथ सेक्टर स्तर पर नियमित बैठकें हो रही हैं और साइबर फ्रॉड जागरूकता अभियान चलाए गए। फोनरवा की लंबे समय से मांग पर नोएडा प्राधिकरण ने सिटी बस सेवा भी शुरू कर दी है, जिससे नागरिकों को राहत मिली है।
कोषाध्यक्ष पवन यादव ने वित्तीय वर्ष 2025-26 का आय-व्यय विवरण प्रस्तुत किया, जिसे सर्वसम्मति से अनुमोदित किया गया।आमसभा में आरडब्ल्यूए प्रतिनिधियों ने बिजली आपूर्ति, सीवर व्यवस्था, जलभराव, सड़क मरम्मत जैसे मुद्दे उठाए।
महासचिव के.के. जैन ने आश्वासन दिया कि इन समस्याओं के शीघ्र समाधान के लिए नोएडा प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालक अधिकारी और संबंधित विभागों के समक्ष प्रभावी पैरवी की जाएगी।अध्यक्ष योगेन्द्र शर्मा ने कहा कि फोनरवा भविष्य में भी नोएडा के नागरिकों के हितों की रक्षा और शहर के समग्र विकास के लिए पूरी सक्रियता के साथ काम करता रहेगा।
