जेवर: दयानतपुर गांव में गैस सिलेंडर फटा, पिता-पुत्र की मौत; बहू और नाती के चेहरे झुलसे

गौतमबुद्ध नगर। नोएडा खबर डॉट कॉम।
थाना जेवर क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम दयानतपुर में सोमवार को एक घर में गैस सिलेंडर रिसाव से भीषण आग लग गई। इस हादसे में पिता-पुत्र की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि घर की बहू और दो वर्षीय बच्चे का चेहरा बुरी तरह झुलस गया।
 एडीसीपी ग्रेटर नोएडा सन्तोष कुमार ने बताया कि  मृतकों की पहचान वीरपाल पुत्र महिपाल सिंह (56 वर्ष) और उनके पुत्र अभिषेक (24 वर्ष) के रूप में हुई है। घायल काजल पत्नी अभिषेक (22 वर्ष) और दो वर्षीय आदित्य को गंभीर रूप से झुलसने के बाद इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। दोनों की हालत फिलहाल स्थिर बताई जा रही है।
स्थानीय लोगों के अनुसार, सुबह के समय घर में रखे गैस सिलेंडर में रिसाव हुआ और अचानक आग भड़क उठी। शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और आग बुझाने का प्रयास किया। मौके पर पहुंची फायर ब्रिगेड ने आग पर काबू पा लिया। थाना जेवर पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर पंचायतनामा भर लिया है और आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *