नोएडा, ( नोएडा खबर डॉट कॉम)
आगामी त्यौहारों के मद्देनजर नोएडा-ग्रेटर नोएडा में सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए पुलिस ने विशेष सघन चेकिंग अभियान चलाया। पुलिस कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर के अनुसार, पुलिस कमिश्नर श्रीमती लक्ष्मी सिंह के निर्देशन में यह अभियान सेंट्रल नोएडा जोन के समस्त थाना क्षेत्रों में संचालित किया गया।
अभियान का नेतृत्व डीसीपी सेंट्रल नोएडा डॉ. प्रवीन रंजन सिंह ने किया, जबकि एडीसीपी सेंट्रल नोएडा श्री स्वतंत्र कुमार सिंह के निकट पर्यवेक्षण में कार्य संपन्न हुआ। अभियान के तहत थाना फेस-2, फेस-3, सेक्टर-63, बिसरख, बादलपुर, सूरजपुर, इकोटेक-3 और सेक्टर-142 की पुलिस टीमों ने संयुक्त रूप से कुल 42 टीमों का गठन किया। इन टीमों ने 42 प्रमुख चौराहों और संवेदनशील स्थानों पर प्रभावी चेकिंग की।चेकिंग के दौरान कुल 1,667 वाहनों और 2,315 व्यक्तियों की गहन जांच की गई। यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले 212 वाहनों का चालान किया गया, जबकि तीन वाहनों को जब्त किया गया। इसके अलावा, सार्वजनिक स्थानों पर शांति व्यवस्था भंग करने और संदिग्ध गतिविधियों में संलिप्त पाए गए 914 व्यक्तियों के खिलाफ भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बीएनएसएस) की धारा 292 के तहत वैधानिक कार्रवाई की गई।
अभियान के दौरान पुलिस अधिकारियों ने बाजारों, भीड़-भाड़ वाले इलाकों, प्रमुख चौराहों, औद्योगिक क्षेत्रों और संवेदनशील स्थानों का निरीक्षण किया। संदिग्ध व्यक्तियों, वाहनों और वस्तुओं की गहन जांच कराई गई। बैंकों, एटीएम, होटलों, ढाबों और अन्य सार्वजनिक स्थलों पर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया गया।थाना प्रभारियों को लगातार पैदल गश्त और प्रभावी पेट्रोलिंग बढ़ाने, रात्रि भ्रमण तेज करने तथा असामाजिक और अराजक तत्वों पर कड़ी निगरानी रखने के निर्देश दिए गए हैं। पुलिस का कहना है कि त्योहारी सीजन में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर कोई कोताही नहीं बरती जाएगी और ऐसे अभियान जारी रहेंगे।
