ब्रेकिंग न्यूज़: गंगा कैनाल की सफाई के लिए नोएडा-इंदिरापुरम में गंगाजल सप्लाई 20-21 अक्टूबर की रात से बंद, 10 नवंबर तक रहेगी बंद, पानी के प्रेशर पर पड़ सकता है असर,

-नोएडा प्राधिकरण ट्यूबवेल और रेनीवेल से सप्लाई सामान्य रखने का प्रयास करेगा
नोएडा, (नोएडा खबर डॉट कॉम)
नोएडा और इंदिरापुरम में गंगाजल की आपूर्ति 20-21 अक्टूबर की रात से बंद हो जाएगी। यह बंदी गंगा कैनाल की वार्षिक सफाई के कारण की जा रही है और 10 नवंबर तक जारी रहेगी। नोएडा प्राधिकरण ने लोगों को सावधानी बरतने और पानी का किफायती इस्तेमाल करने की सलाह दी है।
नोएडा प्राधिकरण के जीएम जल आरपी सिंह ने बताया कि यह वार्षिक बंदी हर वर्ष मानसून के बाद गंग नहर की सफाई के लिए की जाती है। नोएडा शहर को गंगाजल डासना के पास गंग नहर पर बने प्लांट से प्रताप विहार होते हुए सेक्टर-63 के गंगाजल प्लांट तक पहुंचता है। लगभग 50 से 70 प्रतिशत गंगाजल को भूजल के साथ मिलाकर विभिन्न सेक्टरों में वितरित किया जाता है।
आरपी सिंह ने कहा कि गंगाजल की सप्लाई बंद होने के बावजूद नोएडा प्राधिकरण अपने 11 रेनीवेल और 410 ट्यूबवेलों के जरिए पानी की आपूर्ति सामान्य रखने की कोशिश करेगा। इसके बावजूद 22 अक्टूबर की सुबह से पानी के प्रेशर पर असर पड़ने की संभावना है। उन्होंने पश्चिमांचल विद्युत वितरण निगम से भी अनुरोध किया है कि वह इस अवधि में बिजली की निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित करे, ताकि ट्यूबवेल और रेनीवेल सुचारू रूप से चल सकें।
प्राधिकरण की ओर से यह सुनिश्चित करने का प्रयास किया जा रहा है कि लोगों को पानी की कमी का सामना न करना पड़े। नागरिकों से अपील की गई है कि वे पानी की बर्बादी न करें और इस अवधि में जरूरत के अनुसार ही पानी का उपयोग करें। 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *