नोएडा, (नोएडा खबर डॉट कॉम)
गृह मंत्रालय के भारतीय साइबर अपराध समन्वय केंद्र (I4C) के अंतर्गत राष्ट्रीय साइबर अपराध खतरा विश्लेषण इकाई (NCTAU) ने दुर्भावनापूर्ण एंड्रॉइड ऐप्स के जरिए हो रही वित्तीय धोखाधड़ी के बढ़ते मामलों को लेकर गंभीर चेतावनी जारी की है। ये ऐप्स “Night Play”, “Reloop”, “Kiss”, “Vimo”, “Rivo”, “Nexo” और “Vixa” जैसे नामों से फैल रहे हैं।
इस संबंध में जानकारी देते हुए अतिरिक्त पुलिस आयुक्त (महिला सुरक्षा) मनीषा सिंह ने बताया कि इन फर्जी ऐप्स का प्रचार मुख्य रूप से फेसबुक और इंस्टाग्राम पर विज्ञापनों के जरिए किया जा रहा है। विज्ञापन उपयोगकर्ताओं को अश्लील सामग्री वाली वेबसाइटों पर भेजते हैं, जहां उन्हें APK फाइल डाउनलोड करने के लिए कहा जाता है। इंस्टॉल होने के बाद ये ऐप अन्य एप्लिकेशन इंस्टॉल करने की अनुमति मांगते हैं। इसके बाद Accessibility Permission का दुरुपयोग कर डिवाइस पर नियंत्रण हासिल कर लेते हैं। इससे उपयोगकर्ता की संवेदनशील जानकारी चोरी हो सकती है और वित्तीय धोखाधड़ी की जा सकती है।
एडीसीपी महिला सुरक्षा मनीषा सिंह ने आम नागरिकों, खासकर महिलाओं और युवाओं को ऐसे संदिग्ध विज्ञापनों, वेबसाइटों और अनजान APK फाइलों से पूरी तरह बचने की सलाह दी है। उन्होंने गौतमबुद्ध नगर जिले के निवासियों से अपील की है कि वे किसी भी अज्ञात स्रोत से ऐप डाउनलोड न करें, डिवाइस की अनुमतियों की नियमित जांच करें और संदिग्ध गतिविधि दिखने पर तुरंत साइबर हेल्पलाइन या स्थानीय पुलिस से संपर्क करें। साइबर सुरक्षा जागरूकता से ही ऐसे खतरों से बचा जा सकता है।
