ग्रेटर नोएडा, (नोएडा खबर डॉट कॉम)
ग्रेटर नोएडा के दादरी क्षेत्र में हाल ही में एक शादी समारोह के दौरान बारात पर हुए जानलेवा हमले के मामले में थाना दादरी पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने इस घटना में शामिल 4 वांछित अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तारी के दौरान उनके कब्जे से एक अवैध तमंचा (.315 बोर), एक जिंदा कारतूस, एक अवैध चाकू, एक लोहे का सरिया, एक लकड़ी का बेसबॉल बैट और एक स्विफ्ट कार (रजि. नंबर UP 16 EJ 6948) बरामद की गई है।
यह पूरी घटना 23 जनवरी 2026 को दादरी थाना क्षेत्र के रामपुर फतेहपुर गांव में हुई थी, जहां जगनपुर (थाना दनकौर) से आई बारात के दौरान दो पक्षों में पुरानी रंजिश के चलते विवाद बढ़ गया। विवाद तेजी से मारपीट में बदल गया, जिसमें लाठी-डंडे, सरिया और अन्य हथियारों का इस्तेमाल हुआ। हमले में कई लोग घायल हुए थे, जिनमें कुछ की हालत गंभीर बताई गई।
वादी ने 24 जनवरी को थाना दादरी में तहरीर दी, जिसके आधार पर मुकदमा नंबर 0040/2026 धारा 191(2), 191(3), 190, 61(2), 109, 130, 115(2), 352, 351(2), 324(2), 110 बीएनएस तथा 7 सीएल एक्ट के तहत दर्ज किया गया। ये धाराएं हत्या की कोशिश, मारपीट, आपराधिक साजिश, हथियारों के साथ दंगा और अन्य गंभीर अपराधों से जुड़ी हैं।
पुलिस ने पहले 25 जनवरी को इस मामले में 3 अभियुक्तों को गिरफ्तार किया था। अब 26 जनवरी को बीएमआईसी से बोडाकी की ओर जाने वाले रास्ते पर छापेमारी कर बचे हुए 4 मुख्य अभियुक्तों को पकड़ा गया।
गिरफ्तार अभियुक्त भूपेंद्र पुत्र तेजपाल, उम्र करीब 38 वर्ष, ग्राम जगनपुर, थाना दनकौर, गौतमबुद्ध नगर,(उनके कब्जे से तमंचा और कारतूस बरामद। कई पुराने आपराधिक मामले दर्ज, जिसमें आर्म्स एक्ट और मारपीट से जुड़े केस शामिल हैं।),हरेंद्र पुत्र सतवीर, उम्र करीब 43 वर्ष, ग्राम जगनपुर।
(उनके कब्जे से अवैध चाकू बरामद। कई आपराधिक इतिहास।),
सुमित पुत्र धर्मपाल, उम्र करीब 24 वर्ष, ग्राम जगनपुर।
(पुराने केसों में शामिल, जिसमें हथियार और मारपीट संबंधित धाराएं।),अजीत पुत्र मदन, उम्र करीब 37 वर्ष, ग्राम जगनपुर।
(इनके भी कई पुराने आपराधिक मामले दर्ज हैं।)
ये सभी अभियुक्त ग्राम जगनपुर के निवासी हैं और इन पर पुरानी रंजिश के आधार पर बारात पर हमला करने का आरोप है। बरामद हथियारों और सरिया-बेसबॉल बैट को घटना में इस्तेमाल किए गए हथियारों के रूप में चिह्नित किया गया है। स्विफ्ट कार को भी सीज कर लिया गया है (एमवी एक्ट की धारा 207 के तहत)।पुलिस ने बताया कि ये गिरफ्तारियां विशेष अभियान के तहत की गईं। सभी अभियुक्तों का आपराधिक इतिहास जांच में सामने आया है, जिसमें हाल के महीनों में दर्ज कई मुकदमे शामिल हैं।
पुलिस का कहना है कि जांच जारी है और यदि कोई अन्य व्यक्ति इस हिंसा में शामिल पाया गया तो उसे भी सलाखों के पीछे भेजा जाएगा।यह घटना शादी जैसे खुशी के मौके पर हिंसा के बढ़ते मामलों को दर्शाती है, जहां पुरानी रंजिशें जश्न को त्रासदी में बदल देती हैं। दादरी पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई से इलाके में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत होने का संदेश गया है।
![]()
