ग्रेटर नोएडा, (नोएडा खबर डॉट कॉम )
थाना नॉलेज पार्क पुलिस ने दुपहिया वाहन और मोबाइल फोन चोरी करने वाले एक गिरोह का भंडाफोड़ कर तीन अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तारी की कार्रवाई के दौरान एक बाल अपचारी को भी पुलिस अभिरक्षा में लिया गया। इनके कब्जे से 11 मोटरसाइकिल और 10 मोबाइल बरामद किए गए हैं।
यह जानकारी डीसीपी ग्रेटर नोएडा श्रवण कुमार सिंह ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में दी।डीसीपी के अनुसार शुक्रवार को नॉलेज पार्क-2 क्षेत्र में नाले के पास स्थित पार्क के खंडहर से तीन अभियुक्तों—दीपक उर्फ अजय (लगभग 22 वर्ष), अनवर उर्फ सूरज (लगभग 24 वर्ष) और नसीब उर्फ अहमद (लगभग 20 वर्ष) को गिरफ्तार किया गया। उनके कब्जे से चोरी की 11 मोटरसाइकिलें (9 सही हालत में और 2 कटी हुई), विभिन्न कंपनियों के 10 मोबाइल फोन तथा 2 अवैध चाकू बरामद हुए।अभियुक्त एनसीआर क्षेत्र से मोटरसाइकिलें चुराते थे और उन्हीं का इस्तेमाल कर राहगीरों के मोबाइल छीनते थे। बाद में मोटरसाइकिलों को काटकर पुर्जे कबाड़ियों को बेच देते थे। बरामद दो मोटरसाइकिलों के संबंध में थाना सूरजपुर और दिल्ली के थाना भालस्वा में मामले दर्ज हैं।
गिरफ्तार अभियुक्तों के खिलाफ पहले से कई मामले दर्ज हैं, जिनमें चोरी, छीना-झपटी और अन्य अपराध शामिल हैं। थाना नॉलेज पार्क पर मुकदमा संख्या 290/2026 बीएनएस और आयुध अधिनियम की धाराओं के तहत दर्ज किया गया है। आगे की कार्रवाई जारी है।
