ग्रेटर नोएडा वेस्ट: साइबर ठगी से परिवार अपने ही फ्लैट में कैद, रोजाना आ रहे फर्जी डिलीवरी एजेंट

ग्रेटर नोएडा, (नोएडा खबर डॉट कॉम)

अरिहंत आर्डेन सोसाइटी में रहने वाला एक परिवार साइबर जालसाजी और डिजिटल उत्पीड़न का शिकार हो गया है। पिछले ढाई महीने से उनके फ्लैट पर रोजाना करीब 20 डिलीवरी एजेंट ऐसे सामान और फूड ऑर्डर लेकर पहुंच रहे हैं, जिन्हें परिवार ने कभी बुक नहीं किया।
पीड़िता पूजा सिन्हा के अनुसार, फर्जी ऑर्डर लेने से मना करने पर डिलीवरी एजेंटों के साथ बहस और हंगामा होता है। इससे परिवार का जीना मुहाल हो गया है। जब परिवार नोएडा से बाहर गया, तब भी उनके नाम से फर्जी ऑर्डर आने लगे। अमेजन पे से बिना अनुमति पैसे कटने के आरोप भी हैं। परिवार ने सिम कार्ड और मोबाइल फोन बदल दिए, लेकिन गतिविधियां नहीं रुकीं।
परिवार में 5 और 13 साल के दो बच्चे हैं और बुजुर्ग ससुर डायलिसिस पर हैं। लगातार फर्जी डिलीवरी, अनचाहे कॉल्स और धमकियों के माहौल ने पूरे परिवार को मानसिक रूप से परेशान कर दिया है। उनका मानना है कि कोई उनकी निजी जानकारी का दुरुपयोग कर रहा है।
मामला सोशल मीडिया पर उठाया गया है। नोएडा पुलिस और साइबर सेल मामले की तकनीकी जांच कर रहे हैं और संबंधित पोर्टलों से संपर्क कर रहे हैं। परिवार ने शासन-प्रशासन से तुरंत कार्रवाई की मांग की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *