ग्रेटर नोएडा: रेरा की बकाया वसूली में बड़ी कार्रवाई, अंसल हाईटेक टाउनशिप के निदेशक गिरफ्तार, 15 दिन के लिए जेल भेजे गए

नोएडा, (नोएडा खबर डॉट कॉम)
जिलाधिकारी मेधा रुपम के निर्देश पर राजस्व बकाया वसूली अभियान के तहत तहसील दादरी में बड़ी कार्रवाई हुई है। रेरा द्वारा जारी वसूली प्रमाण-पत्र के आधार पर मैसर्स अंसल हाईटेक टाउनशिप्स लिमिटेड/उत्तम स्टील्स एसोसिएट्स लिमिटेड के निदेशक बंटी पुत्र प्रहलाद को गिरफ्तार कर जिला कारागार भेज दिया गया है।

उप जिलाधिकारी दादरी ने बताया कि कंपनी के खिलाफ करीब 77 करोड़ 66 लाख रुपये और ब्याज की राशि भू-राजस्व के बकाये के रूप में लंबित थी। कंपनी को कई बार नोटिस दिए गए, लेकिन पैसा जमा नहीं किया गया। इसके बाद उत्तर प्रदेश राजस्व संहिता के तहत गिरफ्तारी वारंट जारी किया गया।

30 अक्टूबर को पुलिस और राजस्व विभाग की संयुक्त टीम ने निदेशक को गिरफ्तार कर उपजिलाधिकारी दादरी के सामने पेश किया। उन्हें बकाया राशि जमा करने या जमानत देने का मौका दिया गया, लेकिन उन्होंने न पैसा दिया और न ही जमानत। इसके बाद उन्हें अधिकतम 15 दिनों के लिए जिला कारागार गौतम बुद्ध नगर भेज दिया गया।

जिला प्रशासन ने साफ किया है कि अब बकाया वसूली में किसी को छूट नहीं दी जाएगी। जो लोग समय पर पैसा नहीं जमा करेंगे, उनके खिलाफ कुर्की, नीलामी और गिरफ्तारी जैसी कार्रवाई की जाएगी। तहसील दादरी के सभी बकायेदारों से अपील की गई है कि वे तुरंत अपनी बकाया राशि जमा करें, वरना उनके खिलाफ भी सख्त कार्रवाई होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *