गौतमबुद्ध नगर, (नोएडा खबर डॉट कॉम)
आगामी दीपावली पर्व को देखते हुए जिलाधिकारी मेधा रुपम के निर्देश पर खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग ने मिठाई निर्माणशालाओं पर चेकिंग अभियान चलाया। 13 मिठाई निर्माणशालाओं से कुल 35 नमूने जांच के लिए भेजे गए और 12 प्रतिष्ठानों को सुधार नोटिस जारी किए गए।
सहायक आयुक्त खाद्य द्वितीय सर्वेश मिश्रा ने बताया कि 28 अक्टूबर की देर रात और 29 अक्टूबर को अंतरजनपदीय टीमों ने नोएडा और ग्रेटर नोएडा की मिठाई दुकानों पर छापेमारी की। सेक्टर-63 स्थित हल्दीराम से खोया का नमूना, सेक्टर-57 बीकानेरवाला से बूंदी लड्डू, छेना रसगुल्ला और पनीर सहित 9 नमूने, इकोटेक-1 रबरीज से गुलाबजामुन और काजू कतली, साइट-सी ओम एवरग्रीन से काजू मिठाई, रसभरी और बेसन लड्डू, बिसरख बादामी स्वीट से खोया और बर्फी, सेक्टर-46 गणेश्वरम से खोया, साइट-सी सूरजपुर नमस्कार स्वीट से बेसन लड्डू और मिल्क केक, सेक्टर-10 स्टैंडर्ड स्वीट्स से बेसन, खोया और छेना, दादरी सिंघल स्वीट से खोया, परवल मिठाई और पनीर, इकोटेक-2 शगुन स्वीट्स से कोकोनट बर्फी और रंगीन मिठाई, सेक्टर-87 हीरा स्वीट्स से खोया और राजभोग, सेक्टर-07 श्री जी श्याम डेयरी से खोया तथा सेक्टर-155 नाथू स्वीट्स से लाल मिर्च पाउडर, घिया बर्फी और नारियल बर्फी के नमूने लिए गए।

कई दुकानों में कामगारों के स्वास्थ्य प्रमाणपत्र, पेस्ट कंट्रोल और पानी की जांच रिपोर्ट मौके पर नहीं पेश की गईं। परिसर में स्वच्छता संबंधी कमियां भी पाई गईं, जिसके कारण सुधार नोटिस जारी किए गए।यह कार्रवाई सहायक आयुक्त खाद्य मेरठ मंडल विनीत कुमार, सहायक आयुक्त खाद्य द्वितीय सर्वेश मिश्रा और मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी वीरेंद्र द्विवेदी के पर्यवेक्षण में की गई।सहायक आयुक्त ने कहा कि आगे भी जिलाधिकारी के निर्देशन में जांच अभियान जारी रहेगा, ताकि जनपदवासियों को शुद्ध खाद्य पदार्थ मिल सकें।