गौतमबुद्धनगर, (नोएडा खबर डॉट कॉम)
दीपावली पर्व को ध्यान में रखते हुए खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग ने सोमवार को विभिन्न मिठाई निर्माणशालाओं पर छापेमारी की। इस दौरान 9 खाद्य पदार्थों के नमूने जांच के लिए एकत्र किए गए और कुल 360 किलो प्रदूषित रसगुल्ले नष्ट कराए गए।
सहायक आयुक्त खाद्य द्वितीय सर्वेश मिश्रा ने बताया कि जिलाधिकारी के निर्देश पर यह कार्रवाई की गई। खाद्य सुरक्षा अधिकारी विशाल कुमार गुप्ता और रितु सक्सैना की टीम ने जोधपुरवाला की मिठाई निर्माणशाला से केसर चमचम और लड्डू का एक-एक नमूना लिया।ओपी सिंह और अमर बहादुर सरोज की टीम ने देवला (ग्रेटर नोएडा) स्थित सोनू पाल की रसगुल्ला निर्माणशाला से दूध, छेना और रसगुल्ला का नमूना लिया। वहां करीब 300 किलो रसगुल्ले मक्खी-मच्छर पड़े होने और प्रदूषित अवस्था में पाए गए, जो प्रथम दृष्टया मानव उपभोग के लिए अनुपयुक्त थे। इन्हें नष्ट करा दिया गया।

इसी टीम ने तिलपता कर्णवास (दादरी) स्थित मुलायम सिंह की मिठाई निर्माणशाला से बूंदी लड्डू और रसगुल्ला का नमूना भी लिया।रविंद्र नाथ वर्मा और विजय बहादुर पटेल की टीम ने गढ़ी बावन बीघा (दनकौर) स्थित कृष्णा स्वीट भंडार से छेना रसगुल्ला और डोडा बर्फी का नमूना लिया। यहां 60 किलो छेना रसगुल्ले मक्खी-मच्छर और प्रदूषण के कारण नष्ट कराए गए।इस प्रकार कुल 09 नमूने एकत्र कर प्रयोगशाला भेजे जा रहे हैं। विभाग ने सभी खाद्य विक्रेताओं को सख्त हिदायत दी है कि वे लाइसेंसी/पंजीकृत आपूर्तिकर्ताओं से ही सामग्री खरीदें, बिल जरूर लें और निर्माण तिथि व बैच नंबर देखकर ही सामान बेचें।सर्वेश मिश्रा ने कहा कि आगे भी इसी प्रकार जांच अभियान चलाया जाएगा, ताकि जनपदवासियों को शुद्ध खाद्य पदार्थ मिल सकें।