नोएडा। नोएडा खबर डॉट कॉम।
दीपावली और अन्य त्योहारों से पहले नोएडा विकास प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालक अधिकारी ने शहर की सफाई व्यवस्था का औचक निरीक्षण करवाया। 312 स्थलों की जांच में लगभग 72 जगहों पर सफाई की स्थिति ठीक नहीं पाई गई। इस पर सीईओ ने गहरी नाराजगी जताई और संबंधित अधिकारियों को डांट लगाते हुए सुधार के सख्त निर्देश दिए।
सीईओ ने समीक्षा बैठक में दोनों महाप्रबंधक (सिविल) ए.के. अरोड़ा और एस.पी. सिंह तथा वर्क सर्किल, जल खंड और विद्युत खंड के वरिष्ठ प्रबंधकों को निर्देश दिए कि वे और उनके अधीनस्थ नियमित रूप से अपने क्षेत्रों का निरीक्षण करें। सभी वरिष्ठ प्रबंधकों को अगले 10 दिनों में सफाई व्यवस्था सुधारने को कहा गया। अगली बैठक में सुधार न दिखने पर संबंधित अधिकारियों के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई की चेतावनी दी गई।
बैठक में वरिष्ठ प्रबंधकों को कारण बताओ नोटिस जारी करने तथा प्रबंधक, सहायक प्रबंधक और सुपरवाइजर की जिम्मेदारी तय करने के निर्देश भी दिए गए।इसके अलावा सीईओ ने त्योहारों के लिए विभिन्न स्थलों पर बनने वाले अस्थायी तालाब और घाटों को समय पर तैयार कराने, सुरक्षा उपाय करने, सौंदर्यीकरण, आकर्षक लाइटिंग और पीए सिस्टम लगाने के भी निर्देश दिए। सभी वरिष्ठ प्रबंधकों को अपने-अपने क्षेत्रों का नियमित निरीक्षण कर आवश्यक व्यवस्थाएं दुरुस्त रखने को कहा गया।
