सेक्टर-56 में डेढ़ महीने से पानी गायब: बच्चे बिना नहाए स्कूल जा रहे, रसोई में बूंद-बूंद पानी नहीं





-RWA अध्यक्ष संजय मावी ने नोएडा अथॉरिटी और जल विभाग पर लगाया लापरवाही का आरोप,
-निजी टैंकर वाले दो-ढाई हजार में पानी बेच रहे
नोएडा। नोएडा खबर डॉट कॉम।
सेक्टर-56 के निवासियों का जीवन पानी की भारी किल्लत के कारण बेहाल हो गया है। पिछले करीब डेढ़ महीने से सेक्टर में नल से पानी की एक बूंद नहीं आ रही। स्थिति इतनी गंभीर हो गई है कि बच्चे बिना नहाए स्कूल जा रहे हैं, कामकाजी लोग बिना नहाए ऑफिस पहुंच रहे हैं और रसोई में पीने व खाना बनाने के लिए पानी नहीं बचा है। महिलाओं को सबसे ज्यादा परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। कई-कई दिनों से कपड़े नहीं धुले, जिसका असर लोगों की सेहत पर भी पड़ रहा है।
रेजिडेंट वेलफेयर एसोसिएशन सेक्टर-56 के अध्यक्ष संजय मावी ने बताया कि करीब 15 दिन पहले उन्होंने और अन्य निवासियों ने नोएडा अथॉरिटी के एसीईओ पुष्पराज सिंह से मुलाकात की थी। उन्होंने समस्या का शीघ्र समाधान करने का आश्वासन दिया था, लेकिन स्थिति में कोई सुधार नहीं हुआ। इसके बाद RWA अध्यक्ष और निवासी जल विभाग के महाप्रबंधक आर.पी. सिंह और वरिष्ठ प्रबंधक अशोक वर्मा से भी मिले। उनसे भी आश्वासन मिला, लेकिन ठोस कार्रवाई नहीं हुई।
कल RWA कार्यालय में हुई बैठक में जल विभाग के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। उन्होंने कहा कि गंगा नहर की सफाई चल रही है और 10-12 तारीख तक स्थिति सामान्य हो जाएगी। निवासियों का कहना है कि गंगा नहर की सफाई हर साल होती है, फिर इस साल इतनी विकराल समस्या क्यों पैदा हुई। उनका आरोप है कि समस्या गंगाजल की नहीं, बल्कि तकनीकी है। सेक्टर में न कोई अलग पानी की टंकी है, न जलाशय और न ही रेन वाटर हार्वेस्टिंग की व्यवस्था। इसी वजह से हमेशा पानी की कमी रहती है, लेकिन पिछले डेढ़ महीने में हालात काबू से बाहर हो गए हैं।
इसी सिलसिले में निवासी स्थानीय विधायक पंकज सिंह से मिलने उनके कार्यालय पहुंचे। विधायक मौजूद नहीं थे, उनके प्रतिनिधियों से मुलाकात हुई। वहां भी निवासियों ने भारी रोष व्यक्त किया, लेकिन आश्वासन के अलावा कुछ हाथ नहीं लगा।हालात का फायदा निजी टैंकर वाले उठा रहे हैं। वे दो से ढाई हजार रुपये में टैंकर दे रहे हैं, जिसे आम आदमी रोजाना नहीं खरीद सकता। नोएडा अथॉरिटी के टैंकर एक घर में मुश्किल से चार-पांच बाल्टी पानी देते हैं और कहते हैं इससे ज्यादा नहीं दे सकते।
निवासियों के अनुसार, टैंकर वालों का व्यवहार भी अत्यंत खराब रहता है। RWA अध्यक्ष संजय मावी का कहना है कि यदि जल्द स्थिति नहीं सुधरी तो सेक्टर में रहना मुश्किल हो जाएगा। सेक्टर के सभी निवासी प्रशासन से तत्काल ठोस कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।
