नई दिल्ली। नोएडा खबर डॉट कॉम।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में हुई केंद्रीय कैबिनेट की बैठक में नोएडा मेट्रो की एक्वा लाइन के ग्रेटर नोएडा वेस्ट के सेक्टर 4 तक के विस्तार को मंजूरी दे दी गई है।
केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कैबिनेट के फैसलों की जानकारी देते हुए बताया कि नोएडा सेक्टर-51 से ग्रेटर नोएडा सेक्टर-04 तक 8.449 किलोमीटर लंबे एलिवेटेड मेट्रो रेल कॉरिडोर के निर्माण को मंजूरी मिली है।इस कॉरिडोर पर कुल पांच स्टेशन बनाए जाएंगे। परियोजना की अनुमानित लागत 2,390 करोड़ रूपये है। यह रूट नोएडा मेट्रो रेल कॉरपोरेशन (NMRC) द्वारा संचालित एक्वा लाइन का विस्तार है और ग्रेटर नोएडा वेस्ट क्षेत्र को बेहतर कनेक्टिविटी प्रदान करेगा। मंजूरी मिलने के बाद इस क्षेत्र में शहरी कनेक्टिविटी में सुधार होगा और यात्रा का समय काफी कम हो जाएगा। साथ ही परथला चौक, गौर चौक और एक मूर्ति सर्कल पर यातायात की भीड़ कम करने में मदद मिलेगी। फिलहाल इन चौकों पर भारी जाम की समस्या रहती है और निवासियों को सड़क परिवहन पर निर्भर रहना पड़ता है।
यह फैसला लंबे समय से लंबित ग्रेटर नोएडा वेस्ट मेट्रो परियोजना के लिए महत्वपूर्ण है। कैबिनेट मंजूरी के बाद NMRC जल्द टेंडर प्रक्रिया शुरू कर सकेगा और निर्माण कार्य आगे बढ़ेगा। इससे नोएडा और ग्रेटर नोएडा वेस्ट के लाखों निवासियों को रोजाना आवागमन में सुविधा मिलेगी और क्षेत्र की आर्थिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।अश्विनी वैष्णव के अनुसार, यह परियोजना एनसीआर में सार्वजनिक परिवहन मजबूत करने और यातायात दबाव कम करने की दिशा में एक बड़ा कदम है।
इस प्रोजेक्ट को लेकर लंबे समय से ग्रेटर नोएडा वेस्ट के आवासीय संगठन नेफोवा, नेफोमा, गौतमबुद्धनगर विकास समिति ऑनलाइन अभियान चला रहे थे। कैबिनेट की जानकारी मिलते ही संगठनों ने खुशी में मिठाई बांटी।