नोएडा: फेस-1 पुलिस से मुठभेड़ में घायल हुआ हत्याकांड का आरोपी आफताब, पैर में लगी गोली

नोएडा। नोएडा खबर डॉट कॉम।
थाना फेस-1 पुलिस की टीम ने सेक्टर-3 के एक पार्क में हत्याकांड के वांछित आरोपी आफताब उर्फ तुस्सी के साथ मुठभेड़ की है। मुठभेड़ के दौरान पुलिस की जवाबी कार्रवाई में आरोपी के पैर में गोली लगने से वह घायल हो गया। यह जानकारी एडीसीपी नोएडा अभय कुमार मिश्र ने दी।
एडीसीपी मिश्र के अनुसार, दिनांक 11 नवंबर 2026 को लोकल इंटेलिजेंस के आधार पर थाना फेस-1 पुलिस को सूचना मिली थी कि मुकदमा संख्या 579/2026 धारा 103(1)/109 बीएनएस में वांछित आरोपी आफताब उर्फ तुस्सी पुत्र रियाजुद्दीन, निवासी नयाबांस, सेक्टर-15, थाना फेस-1 नोएडा, सेक्टर-3 के एक पार्क में मौजूद है और वहां से भागने की फिराक में है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची।
पार्क के बाहर आरोपी की मोटरसाइकिल बरामद हुई। पुलिस टीम जब पार्क के अंदर तलाशी कर रही थी तो आरोपी और उसके साथी पुलिस को आते देख भागने लगे। पुलिस ने उन्हें घेरकर पकड़ने का प्रयास किया, तो आरोपी ने स्वयं को घिरा पाकर पुलिस टीम पर जान से मारने की नियत से फायरिंग कर दी। आत्मरक्षार्थ पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की, जिसमें आरोपी के पैर में गोली लग गई।मुठभेड़ के बाद आरोपी के कब्जे से एक अवैध तमंचा .315 बोर, एक जिंदा कारतूस .315 बोर और एक खोखा कारतूस बरामद हुआ। घायल आरोपी को इलाज के लिए अस्पताल भेज दिया गया है। घटना में इस्तेमाल हुई हीरो स्प्लेंडर मोटरसाइकिल (रजिस्ट्रेशन नंबर UP16EL2923) भी पुलिस ने कब्जे में ली है।
एडीसीपी अभय कुमार मिश्र ने बताया कि दिनांक 8/9 नवंबर 2026 की रात नयाबांस क्षेत्र में स्कूटी टकराने को लेकर हुए विवाद के दौरान अमित के सिर में गंभीर चोट लगी थी, जबकि शिवम के सिर में भी चोट आई थी। इलाज के दौरान डॉक्टरों ने अमित को मृत घोषित कर दिया था। शिवम अभी भी उपचार पर है। इस प्रकरण में थाना फेस-1 पर मुकदमा संख्या 579/26 धारा 103(1) व 109 बीएनएस दर्ज किया गया था। पुलिस जांच में आरोपी आफताब का नाम सामने आया था। आरोपी के खिलाफ पहले से तीन अन्य मुकदमे भी दर्ज हैं।पुलिस आगे की विधिक कार्रवाई कर रही है। आरोपी के साथी की तलाश जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *