नोएडा: सेक्टर-81 मेट्रो स्टेशन के पास पत्नी से शराब विवाद के बाद पति नाले में कूदा, एनडीआरएफ-एसडीआरएफ की टीमों के साथ तलाश जारी
नोएडा: सेक्टर-14ए शनि मंदिर में है ग्वालियर के अमृत पत्थर की शनि शिला, 10 अक्टूबर को पितृदोष निवारण व शनि शांति महायज्ञ का आयोजन
ब्रेकिंग न्यूज़: नोएडा जोन के नए एडीसीपी बने अभय कुमार मिश्रा, ग्रेटर नोएडा संतोष कुमार को; मनीषा सिंह को यातायात व महिला सुरक्षा
नोएडा: भारत विकास परिषद की श्रीमद्भागवत कथा में श्रीकृष्ण जन्म और भव्य नंदोत्सव से भक्तिमय हुआ नोएडा, वामन अवतार और श्रीराम के चरित्र का भावपूर्ण वर्णन
नोएडा: विदेशी सिविल सेवकों ने नोएडा साइबर सेल का दौरा किया, साइबर पुलिसिंग मॉडल से अवगत कराया

नोएडा: सेक्टर-81 मेट्रो स्टेशन के पास पत्नी से शराब विवाद के बाद पति नाले में कूदा, एनडीआरएफ-एसडीआरएफ की टीमों के साथ तलाश जारी

नोएडा,(नोएडा खबर डॉट कॉम)

सेक्टर-81 मेट्रो स्टेशन के पास बुधवार शाम एक युवक के गंदे नाले में कूदने की सूचना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। करीब 29 वर्षीय रवि की तलाश में स्थानीय पुलिस, फायर सर्विस, एसडीआरएफ और एनडीआरएफ की टीमें मौके पर जुटी हैं। देर रात तक उसका कोई पता नहीं चल सका था।

मुख्य अग्निशमन अधिकारी (सीएफओ) प्रदीप कुमार ने बताया कि डायल-112 के जरिए सूचना मिली कि मेट्रो स्टेशन के निकास के पास, थाना सेक्टर-39 क्षेत्र में, एक व्यक्ति नाले में कूद गया है। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस, एम्बुलेंस और फायर ब्रिगेड मौके पर पहुंची और सर्च-रेस्क्यू शुरू किया गया। उन्होंने कहा, “यह पुष्टि हुई है कि युवक करीब 29 वर्षीय रवि है। पारिवारिक कलह या घरेलू विवाद के चलते उसने स्वयं नाले में छलांग लगाई। एनडीआरएफ और एसडीआरएफ की टीमें भी बुलाई गई हैं।”

सीएफओ प्रदीप कुमार के अनुसार, तलाशी में प्रशिक्षित गोताखोर लगाए गए हैं। एसडीआरएफ के गोताखोरों के साथ एनडीआरएफ के विशेष प्रशिक्षित गोताखोर भी काफी समय से काम कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि उपलब्ध सभी संसाधन इस्तेमाल किए जा रहे हैं और ऑपरेशन जारी है। एसडीआरएफ करीब 30 से 40 मीटर के हिस्से में तलाश कर रही है। उन्होंने यह भी बताया कि मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई भी शुरू की जा रही है।

पुलिस और परिजनों के मुताबिक, रवि पुत्र विनोद मूल रूप से ग्राम जैनपुरा, थाना जलेसर, एटा का रहने वाला है और वर्तमान में पत्नी के साथ हरौला, थाना फेस-1, गौतमबुद्धनगर में रहता है। शाम करीब पौने आठ बजे शराब पीने को लेकर पत्नी से विवाद बढ़ा। स्थानीय लोगों ने दोनों को शांत कराने की कोशिश की, लेकिन रवि गुस्से में घर से निकलकर एनएसईजेड के पास खुले नाले तक पहुंच गया। कुछ लोगों ने उसे नाले में कूदते देखा। मौके पर मौजूद पत्नी ने पुलिस को बताया कि झगड़े के बाद वह नाले में कूद गया। एसीपी प्रथम प्रवीण कुमार सिंह और थाना सेक्टर-39 प्रभारी डीपी शुक्ला पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। नाले में पानी और मलबा अधिक होने से शुरुआती तलाशी में सफलता नहीं मिली। रात साढ़े दस बजे तक रवि नहीं मिला था। ऊंचे जलस्तर और नाले में जमे कचरे के कारण बचाव दल को मुश्किल आ रही है।

फिलहाल पुलिस, फायर सर्विस, एसडीआरएफ और एनडीआरएफ की संयुक्त टीम नाव और गोताखोरों की मदद से सर्च ऑपरेशन चला रही है। युवक के मिलने की आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *