ग्रेटर नोएडा का कुड़ीखेड़ा हत्याकांड: 17 साल बाद सूरजपुर कोर्ट का फैसला, 10 दोषियों को आजीवन कारावास

-चुनावी रंजिश में हुई थी प्रमोद की गोली मारकर हत्या; पांच आरोपियों को आर्म्स एक्ट में भी सजा

ग्रेटर नोएडा। नोएडा खबर डॉट कॉम।

बादलपुर थाना क्षेत्र के कुड़ीखेड़ा (कुड़ी खेड़ा) गांव में वर्ष 2009 में चुनावी रंजिश के चलते हुई हत्या और जानलेवा हमले के मामले में सूरजपुर के सेशन कोर्ट ने सोमवार को फैसला सुनाया। अदालत ने 10 आरोपियों को दोषी ठहराते हुए आजीवन कारावास की सजा सुनाई। प्रत्येक पर 15-15 हजार रुपये का जुर्माना भी लगाया गया है। जुर्माना जमा न करने पर छह-छह माह का अतिरिक्त कारावास भुगतना होगा।

घटना का विवरण
एडीजीसी शिल्पी भदोरिया के अनुसार, बादलपुर कोतवाली क्षेत्र के कुड़ीखेड़ा गांव में 2009 में चुनावी रंजिश में खूनी संघर्ष हुआ था। घटना के दिन वादी संजीव अपने बहनोई प्रमोद और तीन अन्य लोगों के साथ कार में सवार होकर जा रहे थे। गांव से निकलते ही हमलावरों ने उन्हें घेर लिया और ताबड़तोड़ गोलियां बरसाईं। एक गोली संजीव को लगी, जबकि प्रमोद को कई गोलियां लगीं। सिर में गोली लगने से प्रमोद की मौत हो गई। कार में सवार तीन लोग बच निकले। मामले में बादलपुर कोतवाली में मुकदमा दर्ज करवाया गया था और पुलिस ने आरोपपत्र दाखिल किया था।

सजा पाने वाले दोषी
अदालत ने दिनेश, रोहताश, राकेश, मनोज, आमोद, सुरेश उर्फ बालक, सतीश, दुर्गेश, महेश शर्मा और परमानंद को दोषी करार दिया। सभी कुड़ी खेड़ा गांव के रहने वाले हैं।

आर्म्स एक्ट में सजा
इसी प्रकरण से जुड़े पांच आरोपियों—दिनेश, मनोज, राकेश, रोहताश और आमोद—को आर्म्स एक्ट के तहत तीन-तीन साल के कठोर कारावास और पांच-पांच हजार रुपये जुर्माने की सजा सुनाई गई है। जुर्माना न देने पर तीन-तीन माह का अतिरिक्त कारावास होगा।

पैरवी और फैसला
पुलिस के मुताबिक, डीजीपी के निर्देश पर चलाए जा रहे ऑपरेशन कन्विक्शन के तहत इस मामले में प्रभावी पैरवी की गई। पुलिस कमिश्नर के निर्देशन में मॉनिटरिंग सेल, बादलपुर थाना पुलिस और अभियोजन इकाई ने अदालत में पैरवी की। 16 नवंबर 2026 को कोर्ट ने फैसला सुनाया। पीड़ित पक्ष ने इसे न्याय की जीत बताया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *