गौतमबुद्ध नगर: थाना दादरी पुलिस की मुठभेड़ में बदमाश घायल, अवैध पिस्तौल, 9 मोबाइल और 5 मोटरसाइकिल बरामद

नोएडा। नोएडा खबर डॉट कॉम।
थाना दादरी पुलिस की टीम और शातिर बदमाशों के बीच मुठभेड़ हुई। आत्मरक्षार्थ जवाबी कार्रवाई में एक बदमाश पैर में गोली लगने से घायल हो गया। उसके कब्जे से अवैध तमंचा, स्नैच किए गए मोबाइल फोन और चोरी के सामान बरामद हुए हैं। साथी मौके से फरार हो गया।
मुठभेड़ सोमवार रात्रि को बौड़ाकी कट के पास चेकिंग के दौरान हुई। पुलिस टीम ने सामने से आ रही संदिग्ध मोटरसाइकिल पर सवार दो व्यक्तियों को रुकने का इशारा किया। वे रुकने के बजाय तेजी से भागने लगे। पीछा करने पर फोरमी कंपनी गोल चक्कर के पास उनकी मोटरसाइकिल झाड़ियों में फंस गई। घिरते देख बदमाशों ने जान से मारने की नियत से पुलिस पर फायरिंग कर दी। आत्मरक्षार्थ की गई जवाबी कार्रवाई में एक बदमाश घायल हो गया।घायल की पहचान लोकेश पुत्र रामकुमार, निवासी ग्राम खवासपुर, थाना चोला, जिला बुलंदशहर, उम्र करीब 23 वर्ष के रूप में हुई है।
उसके कब्जे से एक अवैध .315 बोर तमंचा मय एक जिंदा कारतूस व एक खोखा कारतूस, एक बैग में चोरी/स्नैचिंग के नौ मोबाइल फोन और चोरी के दो सफेद धातु के सिक्के बरामद हुए। निशानदेही पर चार अन्य चोरी की मोटरसाइकिलें भी बरामद की गईं। कुल पांच मोटरसाइकिलें बरामद हुईं। साथी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया, जिसकी तलाश में कॉम्बिंग जारी है। घायल अभियुक्त को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है।
जानकारी के अनुसार, बरामद मोबाइल फोन अभियुक्त ने अपने साथी देव के साथ कुछ दिन पहले ग्रेटर नोएडा के अलग-अलग स्थानों से राहगीरों से छीने थे। बरामद मोटरसाइकिल जनपद बुलंदशहर के सरकारी हॉस्पिटल के सामने पठान वाली मस्जिद के गेट से चुराई गई थी, जिसके संबंध में थाना कोतवाली सिटी पर मुकदमा संख्या 1217/2025 धारा 303(2) दर्ज है। अगस्त में लोकेश ने अपने साथी आकाश के साथ सेक्टर जू-3 के ए ब्लॉक में बंद घर का ताला तोड़कर ज्वेलरी व अन्य सामान चोरी किया था, जिसके संबंध में सिक्के बरामद हुए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *