ब्रेकिंग न्यूज़: यीडा बोर्ड की 94वीं बैठक: आवासीय भूखंडों पर भवन निर्माण की निःशुल्क समय सीमा एक वर्ष बढ़ाई गई

ग्रेटर नोएडा। नोएडा खबर डॉट कॉम।

यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण (यीडा) की 94वीं बोर्ड बैठक गुरुवार को संपन्न हुई। बैठक की अध्यक्षता अवस्थापना एवं औद्योगिक विकास आयुक्त/अध्यक्ष आलोक कुमार ने की। बैठक में मुख्य कार्यपालक अधिकारी राकेश कुमार सिंह द्वारा विभिन्न प्रस्ताव प्रस्तुत किए गए।बैठक में आवासीय भूखंडों से संबंधित एक महत्वपूर्ण निर्णय लिया गया। यीडा की आवासीय योजनाओं में कई पॉकेट्स में किसानों के वाद, न्यायालयों के स्थगन आदेश और भूमि उपलब्धता न होने के कारण रोड, सिविल एवं इलेक्ट्रिकल जैसे बुनियादी काम अभी पूरे नहीं हो पाए हैं। आवंटियों की मांग और इन कठिनाइयों को ध्यान में रखते हुए बोर्ड ने लीजडीड निष्पादन के बाद भवन निर्माण की निःशुल्क समय सीमा को 31 दिसंबर 2026 से बढ़ाकर 31 दिसंबर 2027 करने का फैसला किया।

बैठक में लिए गए अन्य मुख्य निर्णय

  • वित्तीय वर्ष 2026-27 में 30 अक्टूबर 2026 तक प्राधिकरण की कुल प्राप्तियां 7071.48 करोड़ रुपये रहीं, जो पिछले वर्ष की समान अवधि की 1746.38 करोड़ रुपये की तुलना में लगभग चार गुना अधिक है। भूमि अधिग्रहण के लिए बजट में प्रावधानित 8000 करोड़ में से 4985.47 करोड़ रुपये (62.32 प्रतिशत) खर्च किए गए। जेवर एयरपोर्ट परियोजना के भूमि अधिग्रहण पर 565.15 करोड़ रुपये का भुगतान किया गया। निर्माण एवं विकास कार्यों पर 383 करोड़ तथा एनएचएआई को विशेष परियोजनाओं के लिए 555.38 करोड़ रुपये दिए गए।
  • कॉरपस फंड की धनराशि खर्च करने के लिए विनियमावली तैयार की गई। इसमें वन टाइम लीज रेंट, ट्रांसफर चार्जेस, रेस्टोरेशन चार्जेस, एक्सटेंशन चार्जेस, प्लान प्रोसेसिंग फीस, लेट पेमेंट पेनल्टी, कंपलीशन फीस, वॉटर एवं सीवर कनेक्शन चार्जेस तथा मॉर्गेज परमिशन फीस आदि शामिल किए गए हैं।
  • उत्तर प्रदेश निजी बिजनेस पार्क विकास योजना-2025 को अंगीकृत किया गया। सैद्धांतिक स्वीकृति के बाद अब सेक्टर चिह्नित करने, भूखंड नियोजित कराने और ब्रोशर तैयार करने की कार्यवाही शुरू होगी।
  • इनवेस्ट यूपी के लैंड फैसिलिटेशन लेटर और निवेश सारथी पोर्टल पर मिल रहे इंटेंट के मद्देनजर सेक्टर 4ए व 8ई में औद्योगिक भूखंडों के लिए कृषकों से आपसी सहमति के आधार पर भूमि क्रय करने का निर्णय लिया गया।
  • यीडा के सर्विस मास्टर प्लान 2041 का प्रस्तुतीकरण किया गया, जिसमें जलापूर्ति और सीवरेज मास्टर प्लान शामिल हैं।
  • ग्राम जिकरपुर से टप्पल कट तक यमुना एक्सप्रेसवे के साथ क्षतिग्रस्त हॉलेज रोड की मरम्मत का निर्णय लिया गया। यह जिकरपुर को अलीगढ़-पलवल राजमार्ग से जोड़ने वाला एकमात्र मार्ग है। अनुमानित लागत 665.64 लाख रुपये है।
  • विभिन्न प्रकार के अवशिष्ट प्रबंधन और एनजीटी तथा डीजीसीए व एएआई के विमान सुरक्षा नियमों के अनुपालन के लिए ड्राफ्ट गजट नोटिफिकेशन ‘वेस्ट मैनेजमेंट (रेगुलेशन एंड कंट्रोल) बाय लॉज, 2026’ को स्वीकृति दी गई।
  • पर्यावरण सुधार और ऊर्जा बचत के लिए यमुना प्राधिकरण क्षेत्र के संस्थानों में रेस्को पद्धति पर रूफ टॉप सोलर प्लांट लगाने का प्रस्ताव अनुमोदित किया गया। यह कार्य नेडा द्वारा अनुमोदित एजेंसी के माध्यम से किया जाएगा।
  • आगरा अर्बन सेंटर की महायोजना 2041 का ड्राफ्ट प्रतिवेदन और भू-उपयोग मानचित्र अनुमोदित किया गया। इसे उत्तर प्रदेश शासन के अनुमोदन के लिए भेजा जाएगा।
  • उत्तर प्रदेश शासन के 12 अक्टूबर 2026 के शासनादेश द्वारा जारी मॉडल भवन विनियम, 2026 को अंगीकृत किया गया।
  • अब तक कुल 14281 कृषकों को 7 प्रतिशत आबादी भूखंड दिए जाने हेतु प्रकाशन किए जा चुके हैं। इनमें से 11229 कृषकों को आरक्षण पत्र जारी किए गए और 5147 भूखंड विभिन्न सेक्टरों में नियोजित किए जा चुके हैं। इसके अतिरिक्त 64.7 प्रतिशत अतिरिक्त प्रतिकर (नो लिटिगेशन इंसेंटिव) के तहत लगभग 3183.13 करोड़ रुपये का भुगतान कृषकों को किया जा चुका है।

ये निर्णय प्राधिकरण क्षेत्र में विकास कार्यों को गति देने और आवंटियों तथा किसानों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए लिए गए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *