ब्रेकिंग न्यूज़: ग्रेटर नोएडा में लूटी थी कैब, पुलिस ने मुठभेड़ में दबोचा

ग्रेटर नोएडा, (नोएडा खबर डॉट कॉम)

थाना ईकोटेक प्रथम क्षेत्र में सोमवार रात को पुलिस और लुटेरों के बीच हुई मुठभेड़ में दो बदमाश घायल हो गए।

एडीसीपी ग्रेटर नोएडा संतोष कुमार के अनुसार, थाना ईकोटेक प्रथम पुलिस टीम यमुना पुस्ता एएमआर के पीछे चेकिंग कर रही थी। तभी एक संदिग्ध कार आती दिखी। पुलिस ने रुकने का इशारा किया, लेकिन कार सवार बदमाश कार से उतरकर पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग करते हुए भागने का प्रयास करने लगे।आत्मरक्षा में पुलिस की जवाबी कार्रवाई में दोनों बदमाश पैर में गोली लगने से घायल हो गए।

घायल बदमाशों की पहचान रमन शर्मा (उम्र 22 वर्ष), पुत्र दिनेश शर्मा, निवासी ग्राम लपवाहा, थाना लहार, जिला भिंड (मध्य प्रदेश), वर्तमान पता करावल नगर, थाना खजूरी (दिल्ली) तथा अभिषेक सिंह (उम्र 19 वर्ष), पुत्र प्रमोद सिंह, निवासी ग्राम मलपुरा, थाना लहार, जिला भिंड (मध्य प्रदेश), वर्तमान पता ग्राम भौंडसी, थाना भौंडसी, जिला गुरुग्राम (हरियाणा) के रूप में हुई है।एडीसीपी संतोष कुमार ने बताया कि घायल बदमाशों के कब्जे से लूटी गई स्विफ्ट डिजायर कार (रजिस्ट्रेशन नंबर एचआर-55-एजेड-0360), लूटा हुआ एक मोबाइल फोन, घटना में प्रयुक्त दो अन्य मोबाइल फोन, दो अवैध .315 बोर तमंचे, दो जिंदा कारतूस और चार खोखा कारतूस बरामद किए गए हैं।

पुलिस के अनुसार, अभियुक्तों ने उबर ऐप से दिल्ली से दनकौर जाने के लिए वादी की कार बुक की थी। यमुना एक्सप्रेस-वे पर उन्होंने वादी को तमंचा दिखाकर उसकी गाड़ी और मोबाइल फोन लूट लिया था। इस संबंध में वादी द्वारा 26 जुलाई 2026 को थाना ईकोटेक प्रथम पर दी गई तहरीर के आधार पर मुकदमा संख्या 82/2026 धारा 309(4)/351(2) बीएनएस के तहत पंजीकृत किया गया था।एडीसीपी संतोष कुमार ने कहा कि थाना ईकोटेक प्रथम पुलिस ने इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस, सीसीटीवी फुटेज और गोपनीय सूचना की सहायता से मात्र 24 घंटे के अंदर इस घटना का सफल अनावरण किया है। घायल अभियुक्तों को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है। बदमाशों के अन्य आपराधिक इतिहास की जांच की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *