ग्रेटर नोएडा :बहन के चरित्र पर शक था, दो सगे भाइयों ने हत्या कर शव हिंडन में बहा दिया, पुलिस ने किया गिरफ्तार
1 min read
ग्रेटर नोएडा, 20 मार्च।
थाना इकोटेक -3 क्षेत्र में 13 मार्च 2023 को महिला का शव हिंडन नदी में बरामद हुआ था। पुलिस ने इस घटना की गुत्थी सुलझाते हुए घटना को अंजाम देने वाले 2 सगे भाइयों को गिरफ्तार किया है। इन दोनों ने अपनी बहन के चरित्र पर शक व्यक्त करते हुए उसकी हत्या कर शव हिंडन में फेंक दिया।
डीसीपी सेंट्रल नोएडा रामबदन सिंह ने बताया कि 19 मार्च 2023 को थाना इकोटेक 3 पुलिस ने मुकदमा संख्या 106/2023 धारा 302 /201 भादवि के अंतर्गत महिला की हत्या कर हिन्डन नदी में फेंकने की घटना को अंजाम देने वाले प्रकाश में आये 2 अभियुक्तों 1. शाहरूख 2. सरताज पुत्रगण अख्तर निवासी ककराला थाना फेस 2 जनपद गौतम बुद्ध नगर को ग्राम ककराला से गिरफ्तार किया गया है।
ऐसे दिया घटना को अंजाम
डीसीपी के अनुसार अभियुक्तों द्वारा 8 मार्च 2023 की रात्रि 3.00 बजे अपनी बहन उम्र 30 वर्ष के गले में उसका दुपट्टा बांधकर दुपट्टे से खींचकर हत्या कर दी थी तथा शव अपनी कार में रखकर चार मूर्ति के पास सुनसान जगह देखकर हिण्डन नदी में अज्ञात अवस्था में फेंककर चले गये थे, जिसका शव दिनांक 13 मार्च 2023 को उक्त स्थान से बरामद हुआ था। उक्त बरामद शव के सम्बन्ध में अभियोग पंजीकृत कर विवेचना की गयी।
14 मार्च 2023 को अभियुक्त सरताज पुत्र अख्तर ने मृतका बहन के गुम होने के सम्बन्ध में थाना सूरजपुर पर गुमशुदगी दर्ज करायी। गुमशुदगी दर्ज होने के उपरांत गहन विवेचना करते हुये गुमशुदगी दर्ज कराने वाले वादी व उनके परिजनों से गहन तथ्यात्मक पूछताछ की गयी। पूछताछ पर इस घटना का सफल अनावरण हो सका। विस्तृत पूछताछ से पता चला कि मृतका शादी शुदा थी तथा अपने पति से अलग रह रही थी,गलत संगत में पडने के कारण परिवारीजन उसके उपर शक करने लगे तथा समाज में अपने आप को अपमानित महसूस कर रहे थे जिस कारण अपनी बहन की हत्या कर घटना को अंजाम दिया था।
5,054 total views, 2 views today