नोएडा-ग्रेटर नोएडा के बीच ट्रैफिक अब होगा आसान: हिंडन नदी पर नया पुल और एप्रोच रोड तेजी से बन रहा, 50% काम पूरा

ग्रेटर नोएडा,(नोएडा खबर डॉट कॉम)
नोएडा और ग्रेटर नोएडा के बीच यात्रा करने वाले लोगों के लिए जल्द ही एक नया वैकल्पिक मार्ग उपलब्ध होने वाला है। ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के महाप्रबंधक एके सिंह ने मंगलवार को नॉलेज पार्क थ्री से नोएडा के सेक्टर 146-147 के बीच हिंडन नदी पर निर्माणाधीन पुल और ग्रेटर नोएडा की तरफ एप्रोच रोड का निरीक्षण किया। उन्होंने कार्य को समयबद्ध तरीके से पूरा करने के सख्त निर्देश दिए हैं।
प्राधिकरण के अनुसार, इस पुल और एप्रोच रोड के बनने से परी चौक पर वाहनों का दबाव काफी कम होगा और दोनों शहरों के बीच सफर में समय और ईंधन की बचत होगी। ग्रेटर नोएडा की तरफ लगभग एक किलोमीटर लंबी एप्रोच रोड का निर्माण चल रहा है, जिस पर करीब 25 करोड़ रुपये की लागत आ रही है। महाप्रबंधक एके सिंह ने बताया कि अब तक इस रोड का 50 प्रतिशत कार्य पूरा हो चुका है, जबकि शेष काम में लगभग छह महीने का समय लगेगा।हिंडन नदी पर बन रहा यह पुल उत्तर प्रदेश स्टेट ब्रिज कार्पोरेशन (UPSBCL) की निगरानी में तैयार हो रहा है। पुल का निर्माण भी इसी समयसीमा में पूरा होने की उम्मीद है। तब तक नोएडा की तरफ एप्रोच रोड भी तैयार हो जाएगी, जिसके बाद इस नए मार्ग को वाहनों के लिए खोल दिया जाएगा।
ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के सीईओ एनजी रवि कुमार ने भी इस एप्रोच रोड को शीघ्र पूरा करने के निर्देश जारी किए हैं ताकि पुल शुरू होते ही यातायात सुचारू रूप से शुरू हो सके।यह नया मार्ग नोएडा-ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेसवे के विकल्प के रूप में काम करेगा। इससे न केवल परी चौक पर भीड़ कम होगी, बल्कि LG चौक, सूरजपुर और आसपास के इलाकों से नोएडा के सेक्टर 144-147 तक पहुंचना भी आसान हो जाएगा। इससे यात्रा की दूरी में 10 किलोमीटर तक की कमी आएगी और ट्रैफिक जाम से मिलने वाली राहत बड़ी होगी।
प्राधिकरण के अधिकारियों का कहना है कि इस परियोजना को तेजी से पूरा करने के लिए सभी संसाधन लगाए जा रहे हैं। यह पुल और रोड नोएडा-ग्रेटर नोएडा के बीच कनेक्टिविटी को मजबूत बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है, जो लंबे समय से लंबित था लेकिन अब अंतिम चरण में पहुंच चुका है।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *