नई दिल्ली,(नोएडा खबर डॉट कॉम)
अखिल भारतीय गुर्जर महासभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष चौधरी हरिश्चंद्र भाटी के नेतृत्व में 11 राज्यों से आए महासभा के पदाधिकारियों के एक प्रतिनिधिमंडल ने दक्षिण दिल्ली लोकसभा क्षेत्र के सांसद और वरिष्ठ नेता रामवीर सिंह बिधूड़ी से उनके सरकारी आवास (जाकिर हुसैन मार्ग) पर मुलाकात की।प्रतिनिधिमंडल ने सांसद रामवीर सिंह बिधूड़ी को एक ज्ञापन सौंपा, जिसमें नई दिल्ली में अखिल भारतीय गुर्जर महासभा के लिए एक स्थायी और बड़ा भवन निर्माण हेतु सरकार द्वारा जमीन उपलब्ध कराने की मांग की गई है।
राष्ट्रीय अध्यक्ष चौधरी हरिश्चंद्र भाटी ने इस मांग पत्र को विस्तार से समझाया और कहा कि यह भवन गुर्जर समाज की सामाजिक, सांस्कृतिक और संगठनात्मक गतिविधियों के लिए महत्वपूर्ण होगा।सांसद रामवीर सिंह बिधूड़ी ने प्रतिनिधिमंडल का गर्मजोशी से स्वागत किया और सभी डेलिगेट्स को आश्वस्त किया कि इस मांग पर सरकार द्वारा प्राथमिकता के आधार पर विचार किया जाएगा। उन्होंने कहा कि वे इस कार्य में सक्रिय सहयोग और मदद करेंगे तथा संबंधित अधिकारियों से बातचीत कर जल्द से जल्द प्रक्रिया आगे बढ़ाने का प्रयास करेंगे।
प्रतिनिधिमंडल ने सांसद रामवीर सिंह बिधूड़ी के सहयोग और सकारात्मक रुख के लिए उनका हार्दिक आभार व्यक्त किया। महासभा के पदाधिकारियों ने उम्मीद जताई कि इस मुलाकात से गुर्जर समाज की लंबे समय से चली आ रही इस मांग को पूरा करने में महत्वपूर्ण सफलता मिलेगी।यह मुलाकात गुर्जर समाज के संगठन को मजबूत करने और दिल्ली में अपनी संस्था को स्थायी आधार देने की दिशा में एक सकारात्मक कदम मानी जा रही है।
![]()
