-डॉ. महेश शर्मा की अध्यक्षता में अधिकारियों ने दी परियोजना की विस्तृत जानकारी,
-पीएम मोदी व सीएम योगी के विजन की सराहना
नोएडा/जेवर,(नोएडा खबर डॉट कॉम)
लोकसभा की आवास समिति ने गुरुवार को नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट, जेवर का स्थानीय अध्ययन एवं भ्रमण कार्यक्रम आयोजित किया। गौतमबुद्ध नगर के सांसद एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री डॉ. महेश शर्मा की अध्यक्षता में समिति के सदस्यों ने एयरपोर्ट की वर्तमान प्रगति, भविष्य की योजनाओं तथा विभिन्न सुविधाओं का जायजा लिया।
कार्यक्रम के दौरान एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया (AAI) और नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट लिमिटेड (NIAL) के अधिकारियों ने समिति को परियोजना का विस्तृत परिचय दिया। अधिकारियों ने टर्मिनल भवन, प्रस्थान एवं आगमन क्षेत्र, वीआईपी एवं वीवीआईपी लाउंज, सुरक्षा एवं प्रोटोकॉल व्यवस्था, दिव्यांगजनों एवं वरिष्ठ नागरिकों के लिए विशेष सुविधाएं, अग्निशमन सेवाएं, पर्यावरण संरक्षण एवं हरित पहल सहित सभी पहलुओं पर विस्तार से जानकारी दी।विभिन्न एजेंसियों — यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण (YEIDA), ब्यूरो ऑफ सिविल एविएशन सिक्योरिटी (BCAS), CISF, ब्यूरो ऑफ इमिग्रेशन (BOI), CBIC आदि — के मध्य समन्वय और भविष्य में जरूरी चिकित्सीय सुविधाओं पर भी विस्तृत चर्चा हुई।
उपस्थित प्रमुख जनप्रतिनिधि
भ्रमण कार्यक्रम में लोकसभा आवास समिति की सदस्य एवं सांसद श्रीमती अपराजिता सारंगी, सांसद श्री कोडिकुन्निल सुरेश, सांसद श्री अक्षय यादव, बुलंदशहर सांसद श्री भोला सिंह, अलीगढ़ सांसद श्री सतीश कुमार गौतम, सिकंदराबाद विधायक श्री लक्ष्मीराज सिंह, खुर्जा विधायिका श्रीमती मीनाक्षी सिंह, दादरी विधायक श्री तेजपाल नागर, विधान परिषद सदस्य श्री नरेंद्र भाटी एवं श्री श्रीचंद शर्मा, जिला पंचायत अध्यक्ष श्री अमित चौधरी, भाजपा जिलाध्यक्ष श्री अभिषेक शर्मा सहित अनेक जनप्रतिनिधि और अधिकारी उपस्थित रहे।
डॉ. महेश शर्मा का बयान
कार्यक्रम के समापन पर डॉ. महेश शर्मा ने नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के वाइस चेयरमैन श्री क्रिस्टोफ श्नेलमैन, YEIDA के सीईओ श्री राकेश कुमार सिंह, AAI-NIAL, जिला प्रशासन तथा सभी संबंधित एजेंसियों का आभार व्यक्त किया और उनके उत्कृष्ट समन्वय की सराहना की।
डॉ. शर्मा ने कहा, “माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के दूरदर्शी नेतृत्व में देश में विश्वस्तरीय नागरिक उड्डयन अवसंरचना विकसित हो रही है। उत्तर प्रदेश में नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट जैसी महत्वाकांक्षी परियोजना को गति देने के लिए माननीय मुख्यमंत्री श्री योगी आदित्यनाथ जी के प्रयासों को मैं विशेष धन्यवाद देता हूं।” उन्होंने विश्वास जताया कि केंद्र और राज्य सरकार के समन्वित प्रयासों से जेवर एयरपोर्ट देश की आर्थिक प्रगति, रोजगार सृजन और वैश्विक कनेक्टिविटी का प्रमुख केंद्र बनेगा।यह भ्रमण कार्यक्रम नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के शीघ्र पूर्ण होने और उसके सुचारू संचालन की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
