ब्रेकिंग न्यूज़: डीएनडी से ग्रेटर नोएडा के चाई-4 सेक्टर तक बनेगा नोएडा-ग्रेटर नोएडा-जेवर एक्सप्रेसवे, DPR तैयार

नोएडा, (नोएडा खबर डॉट कॉम)
यमुना पुश्ता के किनारे प्रस्तावित नोएडा-ग्रेटर नोएडा-जेवर एक्सप्रेसवे अब डीएनडी (दिल्ली-नोएडा डायरेक्ट) से शुरू होकर ग्रेटर नोएडा के चाई-4 सेक्टर तक यमुना एक्सप्रेसवे से जुड़ेगा। परियोजना की विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (DPR) तैयार हो गई है।

शुक्रवार को नोएडा प्राधिकरण के सेक्टर-96 स्थित सभागार में अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी सतीश पाल की अध्यक्षता में हुई उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक में यह जानकारी दी गई।

बैठक में भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI), कंसल्टेंट SMEC India Pvt. Ltd., नेशनल हाई स्पीड रेल कॉरपोरेशन, उत्तर प्रदेश सिंचाई विभाग, ग्रेटर नोएडा औद्योगिक विकास प्राधिकरण (GNIDA) और यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण (YEIDA) के वरिष्ठ अधिकारियों ने भाग लिया।कंसल्टेंट ने बताया कि एक्सप्रेसवे का अलाइनमेंट डीएनडी से प्रारंभ होकर ग्रेटर नोएडा में यमुना एक्सप्रेसवे के चाई-4 पॉइंट तक मिलाया जाएगा। ग्रेटर नोएडा क्षेत्र का संरेखण ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण की सहमति से और यमुना प्राधिकरण क्षेत्र का संरेखण यीडा की सहमति से अंतिम रूप दिया जाएगा। नेशनल हाई स्पीड रेल कॉरपोरेशन के प्रतिनिधियों ने भी प्रस्तावित रूट पर पूरी सहमति जताई।

यह एक्सप्रेसवे यमुना पुश्ता के साथ-साथ विकसित होगा, जिससे नोएडा, ग्रेटर नोएडा और जेवर इंटरनेशनल एयरपोर्ट के बीच यातायात सुगम हो जाएगा। परियोजना क्षेत्र के औद्योगिक विकास, लॉजिस्टिक्स और कनेक्टिविटी को मजबूत बनाने में अहम साबित होगी।

बैठक में अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी ने सभी एजेंसियों को DPR को शीघ्र अंतिम रूप देने और अगली प्रक्रिया तेज करने के निर्देश दिए।यह परियोजना पूरा होने पर दिल्ली-एनसीआर के पूर्वी हिस्से को नई गति मिलेगी और जेवर एयरपोर्ट तक सीधी पहुंच सुनिश्चित होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *