ब्रेकिंग न्यूज: ग्रेटर नोएडा में सवारी लुटेरों से मुठभेड़, दो बदमाश घायल पुलिस की गोली से दो अभियुक्त घायल, दो युवकों को सकुशल मुक्त कराया

ग्रेटर नोएडा,(नोएडा खबर डॉट कॉम)
थाना दनकौर क्षेत्र में सवारी के रूप में लोगों को लिफ्ट देकर डरा-धमकाकर ऑनलाइन पैसे छीनने वाले बदमाशों के साथ शनिवार को पुलिस की मुठभेड़ हो गई। मुठभेड़ में दो अभियुक्त घायल हो गए। पुलिस ने दो युवकों को सकुशल मुक्त कराया। घटना में प्रयुक्त कार, हथियार और नकदी बरामद की गई।
एडीसीपी ग्रेटर नोएडा संतोष कुमार के अनुसार शनिवार सुबह पीआरवी के माध्यम से सूचना मिली कि कॉलर के भाई को एक कार में सवारी के रूप में बंधक बनाकर डरा-धमकाकर ऑनलाइन पैसे ले लिए गए हैं। सूचना पर थाना दनकौर पुलिस और पीआरवी टीम ने तुरंत कॉलर से संपर्क किया। जानकारी मिली कि पीड़ित थाना दनकौर क्षेत्र स्थित निजी विश्वविद्यालय के पास आगरा की तरफ जाने वाले टोल पर धौलपुर (राजस्थान) जाने के लिए गाड़ी का इंतजार कर रहा था। वहां से आई-20 कार में सवार युवकों ने उसे सवारी के रूप में बैठा लिया और रास्ते में धमकाकर पैसे छीन लिए।
पुलिस टीम ने घटना में प्रयुक्त कार (रजिस्ट्रेशन नंबर एचआर 10 एक्स 0405) की त्वरित पहचान कर उसका पीछा शुरू किया। अंडरपास के पास पुलिस ने कार को रोकने का प्रयास किया तो अभियुक्तों ने कार से उतरते हुए पुलिस पार्टी पर जानलेवा हमला करते हुए फायरिंग शुरू कर दी। आत्मरक्षा में पुलिस की जवाबी कार्रवाई में दो अभियुक्त गोली लगने से घायल हो गए।
घायल अभियुक्तों की पहचान अभिनय पल्लव (24), पुत्र धनंजय कुमार, निवासी महमदपुर, थाना काको, जहानाबाद (बिहार) तथा सत्यम सिंह (22), पुत्र अरुण कुमार, निवासी शुगर मील भउआपुर मस्तान नगर, थाना सिम्भावली, हापुड़ के रूप में हुई। दोनों को नजदीकी अस्पताल में उपचार के लिए भेजा गया।मुठभेड़ के दौरान पुलिस ने सवारी के रूप में बैठाए गए हेमेन्द्र (27), पुत्र जगन सिंह, निवासी धौलपुर (राजस्थान) तथा जीरो पॉइंट से पहले बैठाए गए नमन (18), पुत्र राघवेंद्र, निवासी कानपुर नगर को सकुशल मुक्त कराया।
अभियुक्तों के कब्जे से कार, दो तमंचे .315 बोर मय दो खोखे व पांच जिंदा कारतूस, चार मोबाइल फोन, छीने गए दस हजार रुपये तथा एक अवैध चाकू बरामद हुए।एडीसीपी संतोष कुमार ने बताया कि अभियुक्तों के आपराधिक इतिहास की जांच की जा रही है। आगे की कार्रवाई जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *