नोएडा, (नोएडा खबर डॉट कॉम)
थाना बिसरख पुलिस ने नकली सोना दिखाकर और पैसे का लालच देकर आम लोगों से ज्वेलरी तथा नकदी हथियाने वाले गिरोह के 4 अभियुक्त और एक अभियुक्ता को गिरफ्तार कर लिया है।
एडीसीपी सेंट्रल नोएडा स्वतंत्र कुमार सिंह ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में जानकारी देते हुए बताया कि अभियुक्तों के कब्जे से पीली धातु के 2 मोतियों के गुच्छे (वजन 5 किलो 224 ग्राम), पीली धातु के सिक्के (वजन 3 किलो 338 ग्राम), 3 लाख रुपये नकद, 10 कीपैड मोबाइल फोन, 9 बैटरी, 6 स्मार्ट फोन और 1 अवैध चाकू बरामद किए गए हैं।
घटना का विवरण देते हुए एडीसीपी ने बताया कि वादी ने थाना बिसरख पर तहरीर दी थी कि दिनांक 10 जुलाई 2026 को उनकी माता फ्यूजन होम्स सोसाइटी की मार्केट में गई थीं। तभी एक व्यक्ति आकर उनके पास बैठ गया। इसके बाद दूसरा व्यक्ति भी वहीं बैठ गया और बताने लगा कि उसके मालिक ने उसे नौकरी से निकाल दिया है। वह घर से पैसे लेकर आया है, जो बैग में हैं। पहले व्यक्ति ने कहा कि हमें इसकी मदद करनी चाहिए और दोनों इसके पैसे आपस में बांट लेंगे। उसने अपनी सोने की अंगूठी देने की बात कही और वादी की माता से भी ज्वेलरी देने को कहा। माता जी ने अपनी गले की चैन और कान के कुंडल दे दिए। दोनों व्यक्ति उन्हें गुमराह कर मौके से फरार हो गए।
इस तहरीर पर थाना बिसरख पर मुकदमा संख्या 556/26 धारा 318(3), 317(2) बीएनएस व 4/25 आर्म्स एक्ट के तहत अभियोग पंजीकृत किया गया।एडीसीपी स्वतंत्र कुमार सिंह ने बताया कि दिनांक 14 अगस्त 2026 को थाना बिसरख पुलिस ने इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस, सीसीटीवी फुटेज और लोकल इंटेलिजेंस के माध्यम से घटना का सफल अनावरण किया। नेफोवा छट घाट की ग्रीन बेल्ट से 5 अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार अभियुक्तों के नाम हैं—किशोर राय (उम्र करीब 42 वर्ष) पुत्र सेवा राम, विशाल राय (उम्र करीब 21 वर्ष) पुत्र धर्मा, संजू राय (उम्र करीब 30 वर्ष) पुत्र भाल चन्द्र, सेवा राम राय (उम्र करीब 60 वर्ष) पुत्र हीरा लाल और मीना (उम्र करीब 56 वर्ष) पत्नी सेवा राम। सभी मूल रूप से जैन नगर, थाना उत्तर, जिला फिरोजाबाद के रहने वाले हैं और वर्तमान में युसुफपुर चक, शाहबेरी, थाना बिसरख में रह रहे थे।
पूछताछ में मुख्य अभियुक्त किशोर राय व अन्य ने बताया कि वे मिलकर आम लोगों को नकली सोना दिखाकर और कागजों की गड्डी के ऊपर-नीचे असली नोट लगाकर अपने जाल में फंसाते थे। फिर नकली सोने के बदले उनसे पैसे या ज्वेलरी ले जाते थे।एडीसीपी ने कहा कि पुलिस कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर की टीम द्वारा यह कार्रवाई की गई है। आगे की जांच जारी है।