खास खबर: डीएनडी से फरीदाबाद-सोहना तक, दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे का अंतिम हिस्सा 30 दिन के ट्रायल पर खुला

नोएडा, (नोएडा खबर डॉट कॉम)
दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे का लंबे समय से प्रतीक्षित डीएनडी महारानी बाग से जैतपुर पुश्ता रोड तक का करीब 9 किलोमीटर लंबा हिस्सा शुक्रवार (21 अगस्त 2026) शाम को जनता के लिए 30 दिन के ट्रायल पर खोल दिया गया है। इससे दिल्ली, नोएडा, गाजियाबाद और फरीदाबाद के यात्रियों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।

नेशनल हाईवे अथॉरिटी ऑफ इंडिया (एनएचएआई) के अनुसार यह हिस्सा ज्यादातर एलिवेटेड है (लगभग 7.5 किमी)। इसके खुलने से डीएनडी फ्लाईओवर से सीधे जैतपुर पहुंचकर पहले से चालू फरीदाबाद और सोहना वाले हिस्से से कनेक्टिविटी मिल जाएगी। पूर्वी दिल्ली, गाजियाबाद और नोएडा के लोग अब डीएनडी से आकर एक्सप्रेसवे पर चढ़कर फरीदाबाद, सोहना और आगे जयपुर की ओर आसानी से जा सकेंगे।इससे आश्रम, कालिंदी कुंज, सराय काले खां और फरीदाबाद आने-जाने वाले यात्रियों को सरिता विहार, मोहन एस्टेट और मथुरा रोड के भारी जाम से राहत मिलेगी। सफर का समय काफी कम होने की उम्मीद है।

एनएचएआई के परियोजना निदेशक धीरज सिंह ने बताया कि एलिवेटेड हिस्सा 30 दिन के ट्रायल पर खोला गया है। आधिकारिक उद्घाटन प्रधानमंत्री द्वारा किया जाना प्रस्तावित है, जिसकी तिथि जल्द घोषित हो सकती है।यह खंड दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे के डीएनडी-फरीदाबाद-केएमपी (कुल 59 किमी) कॉरिडोर का अंतिम और महत्वपूर्ण हिस्सा है। जैतपुर से फरीदाबाद सेक्टर-65 तक का 24 किमी और सेक्टर-65 से सोहना तक का 26 किमी हिस्सा पहले से ही यातायात के लिए खुला हुआ है। पूरा मार्ग खुलने के बाद दिल्ली से फरीदाबाद का सफर करीब 15-20 मिनट में पूरा होने की संभावना है।यह एक्सप्रेसवे भारतमाला परियोजना का हिस्सा है और पूरे एनसीआर की कनेक्टिविटी को मजबूत करेगा। आगे बल्लभगढ़ से जेवर एयरपोर्ट तक भी सीधा संपर्क तैयार किया जा रहा है। ट्रायल अवधि में यात्रियों से नियमों का पालन करने और सुरक्षित ड्राइविंग की अपील की गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *