नोएडा,(नोएडा खबर डॉट कॉम)
पुलिस कमिश्नर लक्ष्मी सिंह के निर्देशन में कमिश्नरेट की अग्निशमन सेवाओं को मजबूत करने के प्रस्तावों पर उत्तर प्रदेश शासन से कुल करीब 381.93 करोड़ रुपये का अनुदान स्वीकृत हुआ है। इसमें नए फायर स्टेशन, वाहन, मशीन, उपकरण और मरम्मत कार्य शामिल हैं।
यमुना एक्सप्रेसवे प्राधिकरण क्षेत्र के सेक्टर-32, भूखंड एफ-4 पर 7 यूनिट का अग्निशमन केंद्र बनाने के लिए रुपये 23.59 करोड़ रुपये मंजूर हुए हैं। निर्माण जल्द शुरू होगा।
तहसील जेवर के सेक्टर-18, भूखंड एफ-1 पर भी 7 यूनिट का नया फायर स्टेशन बनेगा। इसके लिए भूमि के साथ लाख रुपये 23.33 करोड़ का अनुदान दिया गया है। यह काम भी शीघ्र शुरू किया जाएगा।
तहसील दादरी के ग्राम बिसाहड़ा में अग्निशमन केंद्र के लिए भूमि निःशुल्क गृह (पुलिस) विभाग के नाम हस्तांतरित कराने और केंद्र स्थापित करने की अनुमति शासन ने दे दी है।
ग्रेटर नोएडा के फायर स्टेशनों के लिए वाहन, मशीन और उपकरण खरीदने हेतु 129.63 करोड़ रुपये स्वीकृत हुए हैं। नोएडा क्षेत्र के अग्निशमन केंद्रों के लिए नोएडा प्राधिकरण ने 154 करोड़ रुपये मंजूर किए हैं। दोनों जगहों पर खरीद की प्रक्रिया मुख्यालय और प्राधिकरण स्तर पर चल रही है।
फेस-1 अग्निशमन केंद्र में छोटे निर्माण और मरम्मत के लिए 1.37 करोड़ रुपये स्वीकृत हुए हैं। यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र में इंफ्रास्ट्रक्चर और संसाधन बढ़ाने के लिए 50 करोड़ का अनुदान भी मंजूर हुआ है। इन पर आगे की कार्रवाई जारी है।
कमिश्नरेट का कहना है कि ये परियोजनाएं पूरी होने पर आग और आपदा से निपटने की क्षमता बढ़ेगी। लोगों को तेज और आधुनिक फायर सेवा मिल सकेगी।
