ग्रेटर नोएडा, (नोएडा खबर डॉट कॉम)
बिसरख थाना क्षेत्र में लकड़ी कटिंग की दुकान में भीषण आग लगने से दो लोग फंस गए जिन्हें फायर ब्रिगेड ने बाहर निकाला, इनमें से एक की मृत्यु हो गई और दूसरे को गंभीर रूप से झुलसी हालत में सफदरजंग अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पुलिस के अनुसार गुरुवार-शुक्रवार की रात थाना बिसरख क्षेत्रांतर्गत शाहबेरी में सीएनसी लकड़ी कटिंग की एक दुकान में भीषण आग लगने की घटना सामने आई। सूचना मिलते ही फायर सर्विस की यूनिट और स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची। बिजली आपूर्ति तुरंत बंद कराने के लिए विद्युत विभाग से संपर्क किया गया।
फायरकर्मियों ने दुकान के अंदर घुसकर फंसे दो लोगों—अल्तमस और अमन—को मूर्छित अवस्था में रेस्क्यू कर बाहर निकाला। दोनों को नजदीकी अस्पताल ले जाया गया। उपचार के दौरान चिकित्सकों ने अल्तमस को मृत घोषित कर दिया। दूसरे घायल अमन को आगे के इलाज के लिए सफदरजंग अस्पताल रेफर किया गया है।
फायर सर्विस ने आग को पूरी तरह बुझा दिया है। मौके पर पुलिस मौजूद है और घटना की जांच तथा अन्य विधिक कार्रवाई चल रही है। अधिकारी घटना के कारणों की जांच कर रहे हैं।
