ग्रेटर नोएडा,(नोएडा खबर डॉट कॉम)
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गौतमबुद्ध विश्वविद्यालय के इंडोर स्टेडियम में दो दिवसीय ‘उत्कर्ष नारी सम्मान, युवा स्वाभिमान एवं प्रेरणा विमर्श-2026’ के समापन समारोह में भाग लिया। उन्होंने दीप प्रज्वलित कर समारोह की शुरुआत की तथा ‘केशव संवाद’ और ‘प्रेरणा विचार’ पत्रिकाओं के 2026-27 अंकों का विमोचन किया।
योगी ने कहा कि यह आयोजन सनातन चेतना, ऋषि परंपरा और समाज के विषयों पर संवाद का प्रयास है। उन्होंने ‘आ नो भद्राः क्रतवो यन्तु विश्वतः’, ‘वसुधैव कुटुम्बकम्’, ‘सर्वे भवन्तु सुखिनः’ और ‘एकं सद् विप्रा बहुधा वदन्ति’ का उल्लेख करते हुए कहा कि भारतीय परंपरा सबके कल्याण और विश्व को परिवार मानने पर टिकी है।
नारी सम्मान पर उन्होंने ‘यत्र नार्यस्तु पूज्यन्ते रमन्ते तत्र देवताः’ का स्मरण किया। गार्गी, मैत्रेयी, माता अनुसूया, मीराबाई, अहिल्याबाई होलकर, रानी दुर्गावती और रानी लक्ष्मीबाई का नाम लेते हुए कहा कि नारी शक्ति ज्ञान, शासन, संस्कृति, त्याग और शौर्य में आगे रही है। भेदभाव खत्म करना समाज और सरकार दोनों की जिम्मेदारी है।
उन्होंने बताया कि प्रदेश में वीरांगना अवंतीबाई लोधी, झलकारी बाई और ऊदा देवी पासी के नाम पर तीन महिला पीएसी बटालियन बन रही हैं। कॉमनवेल्थ गेम्स में उत्तर प्रदेश पुलिस की सब इंस्पेक्टर अस्मिता डे के स्वर्ण पदक का भी जिक्र किया।महिला योजनाओं का खाका देते हुए बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ, प्रधानमंत्री मातृ वंदना, मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला और सामूहिक विवाह योजना का उल्लेख किया। कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना में देश में 4 करोड़ और उत्तर प्रदेश में 65 लाख लोगों को आवास मिल चुका है। 12 लाख और आवास दिए जाएंगे। घरौनी में पहला अधिकार महिलाओं का है। उज्ज्वला के तहत 12 करोड़ एलपीजी कनेक्शन और स्वच्छ भारत के शौचालयों से महिला गरिमा जुड़ी बताई गई।
आर्थिक भागीदारी पर कहा गया कि प्रदेश में 54 हजार बैंकिंग कॉरेस्पोंडेंट सखियां काम कर रही हैं। झांसी का मिल्क प्रोड्यूसर समूह 2019 में 5 महिलाओं से शुरू होकर अब 62 हजार महिलाओं तक पहुंच गया है। टर्नओवर 115 करोड़ रुपये और प्रति महिला मासिक आय 8 से 10 हजार रुपये बताई गई। आगरा, काशी, गोरखपुर और लखनऊ में भी ऐसे प्रयास चल रहे हैं।पुलिस में महिलाओं की संख्या 2017 के करीब 10 हजार से बढ़कर 44 हजार बताई गई। अगले तीन-चार महीनों में यह 50 हजार से अधिक होने का दावा किया गया। 8 हजार न्याय पंचायतों में डिजिटल इंटरप्रेन्योर योजना से 4 हजार महिला उद्यमियों को जोड़ने तथा 1 करोड़ 10 लाख परिवारों को 12 हजार रुपये वार्षिक पेंशन देने की जानकारी भी दी गई।
युवाओं पर योगी ने कहा कि प्रदेश की करीब 56 प्रतिशत आबादी युवा है। पिछले साढ़े नौ वर्ष में 9.5 लाख सरकारी नौकरियां दी गईं। 96 लाख एमएसएमई इकाइयों में करीब सवा तीन करोड़ युवा काम कर रहे हैं। निवेश प्रस्ताव 50 लाख करोड़ रुपये के बताए गए, जिनमें 15 लाख करोड़ रुपये से अधिक की ग्राउंड ब्रेकिंग हो चुकी है। इनसे 65 लाख से अधिक युवाओं को रोजगार मिलने का दावा किया गया।स्टार्टअप आंकड़ा सबसे प्रमुख रहा। कहा गया कि 2017 से पहले प्रदेश में 120 से कम स्टार्टअप थे, अब 24 हजार से अधिक हैं और इनमें आधे से ज्यादा महिलाओं द्वारा चलाए जा रहे हैं। अर्थव्यवस्था, प्रति व्यक्ति आय और बजट तीन गुना बढ़ने तथा प्रदेश को रेवेन्यू सरप्लस और देश का ग्रोथ इंजन बताया गया।
संस्कृति और राष्ट्रनायकों का स्मरण करते हुए उन्होंने राम को मर्यादा, कृष्ण को धैर्य-सत्यता और बुद्ध के ‘अप्प दीपो भव’ को आत्मनिर्भरता की प्रेरणा बताया। राम प्रसाद बिस्मिल, ठाकुर रोशन सिंह, चंद्रशेखर आजाद, नेताजी सुभाष चंद्र बोस, सावरकर, महाराणा प्रताप, छत्रपति शिवाजी और गुरु गोबिंद सिंह को युवाओं के लिए आदर्श बताया। भ्रष्टाचार और अपराध पर जीरो टॉलरेंस दोहराया गया। कहा गया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लिए राष्ट्र प्रथम है। देश सुरक्षित हो तो धर्म, परिवार और व्यक्ति भी सुरक्षित हैं।
राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के अखिल भारतीय प्रचारक प्रमुख स्वांत रंजन ने कहा कि जो समाज अतीत के गौरव, वर्तमान की चुनौती और भविष्य के सपने साथ रखता है, वही आगे बढ़ता है। उन्होंने ‘द ब्यूटीफुल ट्री’ और औपनिवेशिक काल में अर्थव्यवस्था की क्षति का उल्लेख किया। संघ के शताब्दी वर्ष में ‘स्व का बोध’ पर जोर देते हुए युवाओं से संस्कृति और कर्तव्य से जुड़ने को कहा।
संसद टीवी के संपादक श्याम किशोर ने अतिथियों का स्वागत करते हुए कहा कि प्रेरणा विमर्श 2020 से विरासत, अमृतकाल, स्व का आत्मबोध और पंच परिवर्तन जैसे विषयों पर संवाद का मंच बना है। महिला पत्रकारों को सम्मान देने की परंपरा का भी जिक्र किया।

इस अवसर पर गौतमबुद्ध विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. राणा प्रताप सिंह, प्रेरणा विमर्श के कार्यकारी अध्यक्ष वी.के. गुप्ता, अध्यक्ष अनिल त्यागी, डॉ. मनमोहन सिंह सिसोदिया, प्रेरणा शोध संस्थान न्यास नोएडा की अध्यक्ष प्रीति दादू, सचिव मोनिका चौहान, संस्थान के अन्य पदाधिकारी, स्वयंसेवक तथा जनपद के जनप्रतिनिधि, प्रशासन, प्राधिकरण और पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।