यूपीआईटीएस में बोले पीयूष गोयल: उत्तर प्रदेश के विकास की गूंज अब दुनिया तक पहुंची

ग्रेटर नोएडा, (नोएडा खबर डॉट कॉम)

केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने इंडिया एक्सपो मार्ट में चल रहे चौथे उत्तर प्रदेश इंटरनेशनल ट्रेड शो (यूपीआईटीएस) के तीसरे दिन कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के मार्गदर्शन में उत्तर प्रदेश विकास की नई पहचान बना चुका है। सकारात्मक सोच, उद्यमियों का आत्मविश्वास और विकास के प्रति प्रतिबद्धता अब प्रदेश की ताकत हैं।

पंडित दीनदयाल उपाध्याय जयंती पर शुरू हुए इस आयोजन को उन्होंने आने वाले वर्षों में और बड़ा तथा प्रभावी बनाने का संकेत दिया। गोयल ने कहा कि एक्सप्रेसवे, नए एयरपोर्ट, औद्योगिक पार्क तथा डिफेंस, सेमीकंडक्टर और इलेक्ट्रॉनिक्स जैसे क्षेत्रों में हो रहा निवेश बदलते उत्तर प्रदेश की तस्वीर पेश करता है। नोएडा के पास विकसित हो रही रोबोटिक्स फैक्ट्री इसी बदलाव का उदाहरण है।

उन्होंने 2017 से पहले के माहौल का जिक्र करते हुए कहा कि उस समय कानून-व्यवस्था, भ्रष्टाचार और कारोबारी माहौल को लेकर निराशा थी। बड़े उद्योग और अंतरराष्ट्रीय निवेश की कल्पना दूर थी। भाजपा के संकल्प पत्र में जनता की व्यापक आकांक्षाएं तो थीं, लेकिन सीमित बजट और वित्तीय दबाव के चलते संसाधन कम थे।अब स्थिति बदली है। ईमानदार और पारदर्शी व्यवस्था से राजस्व में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है। आबकारी राजस्व 2016-17 की तुलना में लगभग पांच गुना बढ़ा है। खनन राजस्व, जो तब करीब 1,548 करोड़ रुपये था, कई गुना बढ़ चुका है। भूमि रजिस्ट्रेशन और स्टांप ड्यूटी से भी ज्यादा आमदनी हो रही है। नतीजतन प्रदेश अब सरप्लस बजट की स्थिति में है और विकास कार्यों के लिए अधिक संसाधन उपलब्ध हैं।

गोयल ने कहा कि उत्तर प्रदेश के स्थानीय ब्रांड और उत्पाद वैश्विक बाजार में पहचान बना रहे हैं। प्रदेश का निर्यात 2030 तक पांच लाख करोड़ रुपये तक पहुंचाने का लक्ष्य आत्मविश्वास और क्षमता दोनों को दर्शाता है।

यूपीआईटीएस केवल ट्रेड फेयर नहीं, बल्कि उद्यमियों को फ्री ट्रेड एग्रीमेंट्स का लाभ उठाकर दुनिया से जोड़ने का मंच है। उन्होंने उद्योग जगत से गुणवत्ता, नवाचार और प्रतिस्पर्धा बढ़ाने का आह्वान किया।कार्यक्रम में एमएसएमई मंत्री भूपेंद्र चौधरी, औद्योगिक विकास मंत्री नंद गोपाल गुप्ता ‘नंदी’ समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *