गौतमबुद्धनगर,(नोएडा खबर डॉट कॉम)
माननीय उच्चतम न्यायालय और इलाहाबाद उच्च न्यायालय की विशेष पहल के तहत अब नागरिक अपने निर्णय अपनी भाषा में पढ़ सकेंगे। “सुवास प्रकोष्ठ” (सुप्रीम कोर्ट विधिक अनुवाद सॉफ्टवेयर) के जरिए सुप्रीम कोर्ट और इलाहाबाद हाईकोर्ट के निर्णयों का हिंदी अनुवाद किया जा रहा है, ताकि आम लोगों तक विधिक जानकारी आसानी से पहुंचे।
इसी दिशा में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण गौतमबुद्धनगर ने मंगलवार को दीवानी न्यायालय परिसर के मीटिंग हॉल में जागरूकता शिविर का आयोजन किया। शिविर जिला न्यायाधीश/अध्यक्ष अतुल श्रीवास्तव के मार्गदर्शन और नोडल अधिकारी/अपर मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट मयंक त्रिपाठी की अध्यक्षता में आयोजित हुआ।
सचिव शिवानी रावत ने बताया कि शिविर में पैनल अधिवक्ताओं, मध्यस्थों और एलएडीसीएस में नामित अधिवक्ताओं को सुप्रीम कोर्ट व इलाहाबाद हाईकोर्ट के निर्देशों की जानकारी दी गई।शिविर में अधिक से अधिक लोगों तक विधिक जागरूकता पहुंचाने की अपील की गई। निर्णयों को हिंदी में देखने के लिए ये वेबसाइट भी उपलब्ध कराई गईं:
- https://www2.allahabadhighcourt.in/ahcr
- https://elegalix.allahabadhighcourt.in/elegalix/translation/vernacular2.html
आगे जनपद बार एसोसिएशन, पीएलवी, जिला प्रशासन, स्थानीय प्राधिकरणों और विधि विद्यालयों-विश्वविद्यालयों के सहयोग से इस पहल का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाएगा।
